दुबई में बुर्ज खलीफा के डाउनटाउन परिसर में ड्रोन हमला, ज्यादा नुकसान नहीं
क्या है खबर?
ईरान का खाड़ी देशों पर हमला जारी है। गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में कई बड़े हमले किए गए हैं, जिसके बाद सलाह जारी की गई है। गुरुवार को बुर्ज खलीफा के अत्यधिक चहल-पहल वाले डाउनटाउन परिसर में भी विस्फोट हुए हैं। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले अन्य इलाकों में कई इमारतों पर ड्रोन हमले हुए थे, जिससे इमारतों को नुकसान पहुंचा था।
हमला
डाउनटाउन में धमाकों की आवाज सुनी गई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई के डाउनटाउन में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिनमें से एक धमाका बेहद तेज था। दुबई सरकार ने बताया कि एक छोटे ड्रोन से अल बदाआ इलाके में घटना हुई है, जिसपर अधिकारी कार्रवाई कर रहे हैं। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। फ्रांस-प्रेस एजेंसी के एक संवाददाता ने बताया कि धमाकों के बाद शहर के एक रिहायशी इलाके के ऊपर धुएं के छोटे-छोटे गुबार उठते हुए दिखाई दिए हैं।
हमला
ईरान लगातार कर रहा हमला
डाउनटाउन दुबई शहर का हलचल भरा, अति-आधुनिक केंद्र है, जो बुर्ज खलीफा, विशाल दुबई मॉल और शानदार दुबई फाउंटेन के लिए प्रसिद्ध है। बता दें कि 28 फरवरी को पश्चिम एशिया युद्ध शुरू होने के बाद से खाड़ी क्षेत्र ईरान के हमलों का सबसे ज्यादा शिकार हुआ है। यहां अब तक 7 अमेरिकी सैनिकों और 11 नागरिकों सहित 24 लोग मारे गए हैं। ईरान ने दुबई में अमेरिकी वाणिज्य महादूतावास को भी निशाने पर लिया था।