ईरान ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी, कहा- युद्ध में अमेरिका की सहायता बंद करो
क्या है खबर?
ईरान की सशस्त्र बल ने बुधवार को खाड़ी देशों को अमेरिका की सहायता करने के खिलाफ चेतावनी दी है। ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि अमेरिका की सहयता करना अमेरिकी सैन्य अभियानों में शामिल होने के बराबर होगा। अब्दुल्लाही ने एक्स पर लिखा, 'हम चेतावनी देना चाहते हैं कि हमलावर अमेरिकी सेना को दी गई कोई भी सहायता या सुविधा अमेरिकी सैन्य अभियान में भागीदारी के बराबर है।'
चेतावनी
हमारी नजरों से कोई नहीं बच सकता- अब्दुल्लाही
अब्दुल्लाही ने कहा, 'ऐसा प्रतीत नहीं होता कि इतनी बड़ी संख्या में सैन्य विमान, विशेष रूप से ईंधन भरने वाले विमान, मेजबान देशों की जानकारी के बिना क्षेत्रीय ठिकानों पर मौजूद हो सकते हैं।'
उन्होंने कहा कि फारस की खाड़ी से सटे जिन देशों ने अपने-अपने बयान जारी कर कहा है कि वे अमेरिका को ईरान के खिलाफ अपनी धरती का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देंगे, उन्हें पता होना चाहिए कि ईरान की नजरों से कोई बच नहीं सकता।
हमला
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा
ईरान की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब USS जॉर्ज वाशिंगटन विमानवाहक पोत को मध्य पूर्व में USS अब्राहम लिंकन की जगह लेने के लिए फिर से तैनात किया जा रहा है।
पिछले दिनों खबर आई थी कि USS लिंकन के चालक दल के लिए रहने की स्थिति काफी प्रतिकूल हो गई है।
इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी ईरान के साथ सभी व्यापारिक और वित्तीय लेन-देन को निलंबित कर दिया है।