संयुक्त राष्ट्र में जयशंकर का AI अलर्ट: समंदर में जवाबदेही तय करना होगा मुश्किल!
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र में बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कैसे दुनिया भर की सुरक्षा व्यवस्था, खासकर समुद्री सुरक्षा को बदल रहा है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि AI सिस्टम जैसे-जैसे अपने दम पर ज्यादा फैसले लेने लगेंगे, तब यह तय करना मुश्किल हो जाएगा कि अगर कोई गलती हुई है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। समुद्री घटनाओं में चीजें इतनी तेजी से हो सकती हैं कि सही जांच-पड़ताल का मौका ही न मिले।
जयशंकर ने AI के लिए अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए की अपील
जयशंकर ने कहा कि जब हम नई तकनीक बना रहे हैं, तब हमें मजबूत सुरक्षा उपायों की जरूरत होगी। इससे AI समुद्री बचाव और बंदरगाहों की सुरक्षा जैसे कामों में तो मदद कर पाएगा, लेकिन साइबर हमलों या दूसरे खतरों का रास्ता नहीं खुलेगा। उन्होंने सभी देशों से यह भी अपील की कि वे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करें और एक साथ मिलकर काम करें। नए AI से जुड़ी चुनौतियों को जिम्मेदारी से संभालने के लिए हमें ज्ञान साझा करना होगा और हर चीज़ में पारदर्शिता रखनी होगी।