अमेरिकी वीजा के लिए भारतीयों की मुश्किलें बढ़ी, अब 346 दिन का इंतजार
भारतीयों के लिए अमेरिकी गैर-आप्रवासी वीजा पाना अब पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया है। हाल ही में एक सरकारी ऑडिट से पता चला है कि वित्त वर्ष 2025 में इंटरव्यू के लिए औसत प्रतीक्षा अवधि बढ़कर 346 दिन हो गई है।
यह आंकड़ा महामारी से पहले के 42 दिनों से काफी ज्यादा है। वित्त वर्ष 2025 में भारत से 14.5 लाख गैर-आप्रवासी वीजा आवेदन आए थे, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया में अब बहुत देरी हो रही है।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों से वीजा के लिए प्रतीक्षा अवधि लगातार बढ़ रही है।
भारत में कॉन्सुलर अधिकारियों की कमी और 250 डॉलर का शुल्क
वित्त वर्ष 2025 में भारत से 14.5 लाख गैर-आप्रवासी वीजा आवेदन प्राप्त हुए थे, पर इन्हें संभालने के लिए केवल 68 कॉन्सुलर अधिकारी ही मौजूद थे।
इसका सबसे बुरा असर पर्यटन और बिजनेस वीजा (B-1/B-2) पर पड़ा है। हैदराबाद में इसके लिए एक पूरा साल इंतजार करना पड़ सकता है, और मुंबई में भी हालात ज्यादा बेहतर नहीं हैं।
इसके ऊपर से, 250 डॉलर (करीब 24,000 रुपये) का नया वीजा इंटीग्रिटी शुल्क लागू होने से यात्रियों के लिए आवेदन करना और भी महंगा हो गया है।