भारत और अमेरिका व्यापार समझौते के करीब पहुंचे, आखिरी मुहर बाकी
भारत और अमेरिका एक बड़े व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब आ गए हैं। इस समझौते में ज्यादातर मुश्किल मुद्दे सुलझा लिए गए हैं।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने यह जानकारी तब दी, जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे की तैयारी कर रहे थे। वह 5 दिन के प्रवास पर भारत आ रहे हैं।
पिछले 18 महीनों से दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही थी और इन वार्ताओं में मुख्य रूप से टैरिफ (आयात शुल्क) और व्यापार बाधाओं पर ही ध्यान दिया गया है।
रुबियो के आने पर ऊर्जा समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
कुछ छोटे मसले अभी भी सुलझाए जा रहे हैं
बताया जा रहा है कि समझौते का मुख्य ढांचा तो तैयार हो चुका है, लेकिन कुछ छोटे-छोटे पहलू अभी भी सुलझाए जा रहे हैं। इसमें कई अलग-अलग उद्योग शामिल हैं।
गोर ने इस पर उम्मीद जताते हुए कहा, "हम इसे अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं।" अगर यह समझौता जल्द ही पक्का हो जाता है, तो यह दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में एक बड़ा और अहम कदम साबित हो सकता है।
बता दें कि रुबियो 16 से 22 अक्टूबर तक भारत में रहेंगे। इस दौरान वे दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई और गुजरात के जामनगर का भी दौरा करेंगे।