दक्षिण कोरिया और जापान में AI से साइबर हमलों की बाढ़, बैंक भी निशाने पर
दक्षिण कोरिया और जापान में साइबर हमलों की बाढ़ आ गई है। हैकर अब AI का इस्तेमाल कर अपनी चालों को और भी खतरनाक बना रहे हैं।
दक्षिण कोरिया में, 9 बैंक और 2 बड़े चर्च ऐसे साइबर हमलों की जांच कर रहे हैं, जिनमें AI के टूल्स का इस्तेमाल होने की आशंका है।
जापान में भी दाइवा सिक्योरिटीज और सॉफ्टबैंक जैसे बड़े नामों को निशाना बनाया गया है। AI की वजह से ये हमले अब पहले से कहीं ज्यादा तेज़ हो गए हैं और इन्हें पकड़ना भी मुश्किल हो गया है।
बताया जा रहा है कि ऑटोमेटेड फिशिंग ईमेल और सॉफ्टवेयर की कमजोरियों को ढूंढने वाले तेज स्कैन अब आम हो गए हैं।
दक्षिण कोरिया ने 12 सूत्रीय साइबर सुरक्षा आकलन का दिया निर्देश
पिछले सितंबर में जापान में 86 साइबर घटनाएं देखने को मिलीं, वहीं दक्षिण कोरिया ने इस साल की पहली छमाही में साइबर हमलों में 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की है।
इनमें खास तौर पर DDoS और रैंसमवेयर हमले शामिल थे। इस चुनौती से निपटने के लिए दक्षिण कोरिया के फाइनेंशियल सर्विसेज कमीशन ने वित्तीय उद्योग से जुड़े संगठनों, नियामकों और प्रभावित अधिकारियों को 12 सूत्रीय साइबर सुरक्षा आत्म-मूल्यांकन पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
दोनों देशों के जांचकर्ता यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि AI इन हमलों को कितना बढ़ा रहा है। उनका कहना है कि तकनीक के लगातार विकसित होने के साथ ही मजबूत डिजिटल सुरक्षा की जरूरत भी बढ़ती जा रही है।