चीन में दिखी भविष्य की झलक, मैराथन ट्रैफिक संभालता नजर आया ह्यूमनॉइड रोबोट
इस साल की हांगझोऊ मैराथन में सिर्फ दौड़ने वाले ही नहीं, बल्कि एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने भी सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। यह रोबोट ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर इतने बड़े आयोजन को संभालने में लगा था। इस रोबोट ने भीड़ को सही रास्ता दिखाया और चौराहों पर ट्रैफिक को भी बिना किसी रुकावट के चलाने में मदद की। यह चीन की उस कोशिश को दिखाता है, जिसमें वह रोबोटिक्स तकनीक को आम लोगों की सेवाओं का हिस्सा बनाना चाहता है।
हैंगक्सिंग नंबर 2 का 36,000 धावकों के बीच परीक्षण
डीप रोबोटिक्स और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर 'हैंगक्सिंग नंबर 2' नाम का यह रोबोट बनाया है। 178 सेंटीमीटर लंबा यह रोबोट खुद से ही गश्त लगाने और सुरक्षा से जुड़ी चेतावनी देने के लिए लिडार और डेप्थ कैमरों का इस्तेमाल करता है। इस दौड़ में 36,000 धावक शामिल थे, इसलिए यह रोबोट की असल क्षमता को जांचने का बढ़िया मौका था। डीप रोबोटिक्स के मेंग युआन ने बताया कि इस तरह के आयोजन रोबोट्स के लिए एकदम सही होते हैं, जहां वे रोजाना के सामान्य कामों को संभाल सकते हैं। इससे इंसानी पुलिसकर्मी बड़े और ज्यादा मुश्किल कामों पर ध्यान दे पाते हैं।