नेपाल-चीन में बाढ़ का कोहराम: सैकड़ों मौतें, 1400 लापता; अब 'मौत की झीलों' से महासंकट
नेपाल और चीन इस वक्त एक बेहद बड़े संकट से जूझ रहे हैं। ग्लेशियर फटने से आई विनाशकारी बाढ़ ने सैकड़ों लोगों की जान ले ली है और 1,400 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं।
इसी बीच नए खतरे सिर उठा रहे हैं, क्योंकि लगातार बन रही झीलें आगे चलकर और भी भयानक बाढ़ ला सकती हैं। उत्तरी तिब्बत में आए 5.0 तीव्रता के भूकंप ने इस मुसीबत को और बढ़ा दिया है।
नेपाल में नदी रुकी, तिब्बत में अधिकारियों ने चेताया
नेपाल में मलबे और मिट्टी के कारण एक नदी का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे एक विशाल झील बन गई है। इस झील के फूटने का खतरा है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ आ सकती है। इसी वजह से स्थानीय लोगों और बचाव दलों को सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा गया है।
वहीं, तिब्बत में चीनी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ज्यादा बारिश होने पर एक और अवरोधक झील जल्दी ही भर सकती है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और यह चिंता तब और गहरी हो जाती है, जब लोग अभी पिछले हादसे की मार से उबर भी नहीं पाए हैं।