अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने नागरिकों को 'परमाणु हमले से बचने का तरीका' बताया
क्या है खबर?
अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें आम लोगों को परमाणु हमले की स्थिति में बचने के तरीके बताए गए हैं। 8 मिनट के इस वीडियो में हमले के दौरान छिपने, रेडियोधर्मी प्रदूषण से बचने और विकिरण के प्रभाव से सुरक्षा को लेकर जानकारी दी गई है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने वीडियो के साथ ये दिशानिर्देश जारी किए हैं।
निर्देश
खिड़कियों से दूर रहें, AC बंद कर दें
वीडियो में नागरिकों को तहखानों की तलाश करने, खिड़कियों से दूर रहने और बाहर की हवा खींचने वाले एयर कंडीशनर बंद करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा ईरानियों को संभावित हमले के बाद कम से कम 24 घंटे तक सुरक्षित स्थान पर रहने, पैकेटबंद भोजन और बोतलबंद पानी का उपयोग करने और वाहनों के अंदर शरण लेने से बचने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रेडियोधर्मी कण हवा में फैल सकते हैं।
संभावित हमला
नागरिकों को ये सलाह भी दी गई
अधिकारियों ने लोगों को परमाणु विस्फोट की तेज चमक को सीधे देखने से बचने, खुले में होने पर जमीन पर लेटने और अपने सिर और चेहरे को बचाने की सलाह दी गई है।
रेडियोधर्मी कणों के संपर्क में आने की संभावना वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने कपड़ों को सावधानीपूर्वक उतारें, उन्हें सीलबंद थैलों में रखें और त्वचा और बालों को गुनगुने पानी और साबुन से धोएं।