हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर नए हमले किए, अरामको की इमारत क्षतिग्रस्त
क्या है खबर?
यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर कई हमले किए हैं। इनमें तेल बुनियादी ढांचे, हवाई अड्डे और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि बलों ने रियाद स्थित खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अरामको का तेल भंडारण टैंक और एक टावर को निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि हमलों ने सफलतापूर्वक अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है। हमले में अरामको की एक इमारत को नुकसान पहुंचा है।
हमले
हूती बोले- 6 जगहों पर किए हमले
हूती प्रवक्ता याह्या ने कहा कि ये हमले बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन का उपयोग करके किए गए थे।
उन्होंने कहा कि एक दूसरे अभियान में पूर्वी सऊदी अरब के एक प्रमुख तेल उत्पादक क्षेत्र खुरैस में स्थित अरामको सुविधाओं को निशाना बनाया गया।
तीसरे हमले में दावादमी क्षेत्र के पंपिंग स्टेशन नंबर 8 को निशाना बनाया गया था। हूतियों के अनुसार, शेष 3 हमलों में सऊदी के सैन्य कर्मियों को निशाना बनाया गया।
मिसाइल
सऊदी ने 2 मिसाइल रोकने का दावा किया
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसने हूती विद्रोहियों द्वारा रियाद की ओर दागी गई 2 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक दिया है।
समाचार एजेंसी AFP ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि रियाद में स्थित अरामको की एक इमारत को नुकसान पहुंचा है।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में अरामको टावर पर हमला होने की जानकारी दी। 2 अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इमारत को क्षतिग्रस्त होता देखने की पुष्टि की।
सऊदी के हमले
हूती बोले- यमन में सऊदी के हमलों में 33 लोग मारे गए
इससे पहले हूतियों ने कहा कि सऊदी अरब के हमलों में यमन के सना प्रांत में 33 लोग मारे गए हैं, जिनमें से कई महिलाएं और बच्चे हैं।
हूती स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अलसबही ने बताया कि राजधानी सना के पूर्व में स्थित अल-शरिया गांव पर हुए हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है, जबकि 39 अन्य घायल हुए हैं।
मृतकों में 12 पुरुष, 8 महिलाएं और 13 बच्चे शामिल हैं।