ईरान-अमेरिका के बीच समझौता 'लगभग' पूरा, होर्मुज, यूरेनियम और परमाणु कार्यक्रम पर क्या हैं शर्तें?
क्या है खबर?
ईरान और अमेरिका के बीच प्रस्तावित युद्धविराम समझौता लगभग अंतिम चरण में हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि समझौते पर 'काफी हद तक बातचीत' हो चुकी है और इसकी घोषणा जल्द ही की जा सकती है। भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा है कि कुछ ही घंटों में अच्छी खबर मिल सकती है। आइए जानते हैं प्रस्तावित समझौते में क्या-क्या शामिल है।
बातें
समझौते में क्या-क्या शामिल?
एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना, ईरानी तेल निर्यात पर प्रतिबंधों में ढील देना और तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर नए सिरे से बातचीत शुरू करना शामिल होगा। वहीं, एसोसिएटेड प्रेस ने एक रिपोर्ट में बताया कि अंतिम विवरण पर अभी भी चर्चा चल रही है और समझौते को ईरान और अमेरिका सहित सभी भाग लेने वाले पक्षों की मंजूरी की जरूरत होगी।
होर्मुज
60 दिन तक बढ़ाया जाएगा युद्धविराम
एक्सियोस ने बताया कि समझौते के तहत, ईरान होर्मुज में बिछाई गई बारूदी सुरंगों को हटा देगा और 60 दिनों की युद्धविराम अवधि के दौरान निर्बाध समुद्री आवागमन सुनिश्चित करेगा। बदले में अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी और प्रतिबंधों में छूट देगा, जिससे तेहरान को फिर से स्वतंत्र रूप से तेल बेचने की अनुमति मिल जाएगी। रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान द्वारा सहमत कदमों को लागू करने के बाद ही प्रतिबंधों में राहत दी जाएगी।
परमाणु कार्यक्रम
परमाणु हथियार को लेकर क्या बनी सहमति?
एक्सियोस ने बताया कि ईरान परमाणु हथियार न बनाने की प्रतिबद्धता जताएगा और यूरेनियम संवर्धन को निलंबित करने और अत्यधिक समृद्ध यूरेनियम के अपने भंडार को कम करने के लिए बातचीत करेगा। अल जजीरा से बात करते हुए दोहा इंस्टीट्यूट फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के प्रोफेसर मोहम्मद अलमासरी ने कहा, "हमारे पास मौजूदा दौर की शत्रुता को समाप्त करने के लिए एक ढांचा और एक समझौता ज्ञापन है। फिर अगला दौर जो कि सबसे अहम होगा, परमाणु समझौते पर केंद्रित होगा।"
यूरेनियम
रिपोर्ट में दावा- ईरान यूरेनियम सौंपने को तैयार
दावा है कि ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम छोड़ने को तैयार हो गया है। इस मुद्दे पर दोनों देशों में काफी मतभेद थे। हालांकि, ये यूरेनियम कैसे और किसे सौंपा जाएगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। ईरान ने इस रिपोर्ट को खारिज किया है। दरअसल, यूरेनियम का इस्तेमाल परमाणु बम बनाने में किया जाता है। इसके लिए यूरेनियम को संवर्धित करना होता है। माना जाता है कि ईरान के पास 440 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम है।
बयान
ईरानी राष्ट्रपति बोले- परमाणु हथियार हासिल करना मकसद नहीं
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्किया ने कहा है कि तेहरान परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश नहीं कर रहा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पेजेश्किया ने कहा, "हम दुनिया को यह भरोसा दिलाने के लिए तैयार हैं कि हम परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।" हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तेहरान की बातचीत करने वाली टीम देश के सम्मान और गरिमा के मामले में कोई समझौता नहीं करेगी।