इजरायली हमले में हिज्बुल्लाह के प्रमुख नेता मोहम्मद राद की मौत
क्या है खबर?
ईरान के साथ युद्ध के बीच इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने लेबनान में भी ताबड़तोड़ बमबारी की है, जिसमें हिज्बुल्लाह के शीर्ष नेता मोहम्मद राद की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि सऊदी के अल-हदथ ने सोमवार सुबह की है। राद हिज्बुल्लाह के संसदीय गुट के प्रमुख भी थे। बताया जा रहा है कि हिज्बुल्लाह ने रात भर उत्तरी इजराइल की ओर कई मिसाइलें दागी थी, जिसके बाद इजरायली बलों ने जवाबी कार्रवाई की है।
हमला
इजरायल ने नाम की पुष्टि नहीं की
IDF के उत्तरी कमान के प्रमुख मेजर रफी मिलो ने एक बयान में कहा, "हिज्बुल्लाह ने लेबनान राज्य के बजाय ईरानी शासन को चुना और हमारे नागरिकों पर हमला किया। हम तैयार थे और उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।" मिलो ने कहा कि हिज्बुल्लाह द्वारा रॉकेट हमले के तुरंत बाद हमने योजना बनाकर बेरूत और दक्षिणी लेबनान में वरिष्ठ आतंकवादियों, मुख्यालयों और आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाते हुए हमलों की पहली व्यापक लहर शुरू की है।
पहचान
इजरायली हमले में राद के बेटे की भी हो चुकी है मौत
राद हिज्बुल्लाह के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उनका एक बेटा अब्बास राद था, जो 2023 में दक्षिणी लेबनान में एक इजरायली हमले में मारा गया था। मोहम्मद राद हिज्बुल्लाह संगठन के शूरा काउंसिल (सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संसदीय संस्था) के सदस्य थे। बताया जा रहा है कि उनको हिज्बुल्लाह के उपमहासचिव के रूप में नियुक्त करने की संभावना थी। अभी तक लेबनानी अधिकारियों या हिज्बुल्लाह नेतृत्व की ओर से इस हत्या की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।