अमेरिका में न्यूयॉर्क की हलीमा सलमान ISIS से प्रशिक्षण लेने के आरोप में दोषी करार
अमेरिका में न्यूयॉर्क की रहने वाली हलीमा सलमान को ISIS से फौजी प्रशिक्षण लेने का दोषी करार दिया गया है।
कोर्ट की जूरी ने सबूतों की जांच की, जिनमें असॉल्ट राइफल के साथ उसका एक वीडियो और पति के साथ हुई टेक्स्ट मैसेज बातचीत शामिल थी। इसके बाद उन्हें दोषी करार दिया गया।
हलीमा का ISIS से जुड़ाव 2017 में तब शुरू हुआ, जब उसके पिता उसे सीरिया ले गए थे और वहां एक ISIS लड़ाके से उसकी शादी करवा दी थी।
अब हलीमा को 10 साल तक की जेल हो सकती है। सजा का एलान 2 फरवरी 2027 को किया जाएगा।
जूरी ने हलीमा सलमान के दबाव में शामिल होने के बचाव को खारिज किया
हलीमा के बचाव पक्ष ने अदालत में कहा कि उसे उसके पिता और पति ने इस जिंदगी में जबरदस्ती धकेला था, लेकिन सरकारी वकीलों का तर्क था कि वह अपनी मर्जी से ISIS में शामिल हुई थी।
जूरी ने अभियोजन पक्ष की बात मानी और फैसला किया कि सलमान का इस संगठन से जुड़ना उसे जानबूझकर समर्थन देने जैसा था।
बता दें कि हलीमा को 2019 में सीरिया के बागौज में इस्लामिक स्टेट समूह के विरोधी बलों ने हिरासत में लिया था। जब वह 2024 में न्यूयॉर्क लौटी, तो अमेरिकी अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।