Page Loader
कनाडा: एडमॉन्टन में गुरुद्वारे प्रमुख की गोली मारकर हत्या, मजदूर पर लगा आरोप
कनाडा में भारतीय मूल के सिख बिल्डर की गोली मारकर हत्या (तस्वीर: अनस्प्लैश)

कनाडा: एडमॉन्टन में गुरुद्वारे प्रमुख की गोली मारकर हत्या, मजदूर पर लगा आरोप

लेखन गजेंद्र
Apr 09, 2024
10:52 am

क्या है खबर?

कनाडा के अलबर्टा प्रांत की राजधानी एडमॉन्टन में सोमवार को एक भारतीय मूल के सिख बिल्डर और गुरुद्वारा प्रमुख की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बूटा सिंह गिल के रूप में हुई है, जो एक लग्जरी होम बिल्डिंग कंपनी 'गिल बिल्ट होम्स लिमिटेड' के मालिक थे। शहर के कैनवघ इलाके में दिन के समय हुई गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति सरबजीत सिंह को भी गोली लगी। पेशे से सिविल इंजीनियर सरबजीत अस्पताल में भर्ती हैं।

हत्या

भारतीय मूल के मजदूर ने मारी गोली

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, गिल एडमॉन्टन के गुरु नानक सिख गुरुद्वारे के अध्यक्ष थे और पंजाबी समुदाय के साथ उनके संबंध काफी मजबूत थे। भारतीय मूल के मजदूर ने निर्माण स्थल पर विवाद होने के बाद गिल और सिंह को गोली मारी और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने घटनास्थल से 2 शव बरामद किए थे। पुलिस को विवाद के कारणों का पता नहीं चला है। गिल ने पहले भी धमकी की शिकायत की थी।

जांच

पिछले महीने जलकर मरा था एक परिवार

पिछले महीने 7 मार्च को कनाडा के ब्रेम्पटन के बिग स्काई वे और वेन किर्क ड्राइव इलाके में भारतीय मूल के दंपति और उनकी बेटी की घर में आग लगने के कारण रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई थी। मृतकों में 51 वर्षीय राजीव वारीकू, उनकी पत्नी 47 वर्षीय शिल्पा कोथा और 16 वर्षीय बेटी महक वारीकू शामिल हैं। पुलिस को शक था कि आग अपने आप नहीं लगी थी। वह आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।