लंदन में हमास नेता का पूर्व बॉडीगार्ड गिरफ्तार, कैसे मिली ब्रिटिश नागरिकता?
पिछले साल लंदन में 'मिस्टर एक्स' नाम के एक पूर्व हमास बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया गया था। उन पर जर्मनी और ऑस्ट्रिया में यहूदी कम्युनिटी सेंटर, इजरायली राजनयिकों और इजरायल-समर्थक रैलियों पर हमला करने की साजिश रचने का आरोप है।
दिलचस्प बात यह है कि हमास से पुराने संबंध होने के बावजूद, उसे UK में शरणार्थी का दर्जा और ब्रिटिश नागरिकता मिल गई थी। गिरफ्तारी के वक्त वह एक IT कंसल्टेंट के तौर पर काम कर रहा था।
ब्रिटेन की नागरिकता जांच प्रक्रिया पर उठे सवाल
इस गिरफ्तारी से पहले इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद और कई यूरोपीय एजेंसियों ने मिलकर एक बड़ी जांच की थी। मिस्टर एक्स पर आरोप है कि वह हमास की सैन्य शाखा के लिए जर्मनी और ऑस्ट्रिया में यहूदी कम्युनिटी सेंटर, इजरायली राजनयिकों और इजरायल-समर्थक रैलियों को निशाना बना रहा था।
बताया जा रहा है कि एक वीडियो में उसे नकाब पहने और हथियारों के साथ देखा गया था, जिसके बैकग्राउंड में हमास का झंडा साफ नजर आ रहा है। इस पूरे मामले ने ब्रिटेन की नागरिकता जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि ऐसा लगता है कि हमास से उसके रिश्ते पहले से मालूम थे, फिर भी उन्हें अनदेखा कर दिया गया।