फ्लाईदुबई में हुई हिंसक घटना की आतंकवादी संबंधी जांच करेगा UAE, टीम गठित की
क्या है खबर?
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने गुरुवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई चाकूबाजी की घटना और संभावित क्रैश के प्रयास की जांच के आदेश दिए हैं। UAE इस घटना की 'आतंकवादी संबंध' की भी जांच करेगा, ताकि पता चल सके कि इसके पीछे कोई बड़ी योजना तो नहीं थी। UAE ने घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच के लिए लोक अभियोजन के विशेषज्ञ सदस्यों वाली एक टीम के गठन का आदेश दिया है।
बयान
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
UAE के विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच के लिए टीम का गठन किया जाएगा, क्योंकि विमान देश में पंजीकृत था और उस पर देश का झंडा था।
UAE दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 से जुड़ी घटना पर बारीकी से नजर रख रहा है।
UAE के अटॉर्नी-जनरल काउंसलर डॉ हमाद अल शम्सी ने लोक अभियोजन के विशेषज्ञ सदस्यों वाली टीम गठन का आदेश दिया है।
जांच
अपराधियों पर UAE का कानून लागू होगा
मंत्रालय ने कहा, "UAE के पास लागू कानून के तहत घटना की जांच करने का अधिकार क्षेत्र है, क्योंकि विमान UAE में पंजीकृत है। ऐसे में विमान में किए गए अपराधों पर UAE का कानून लागू होता है, भले ही वे अपराध UAE क्षेत्र के बाहर हुए हों।"
मंत्रालय घटना से संबंधित सभी परिस्थितियों और उद्देश्यों की पड़ताल कर रही है, जिसमें आतंकवादी गतिविधि या इरादे से किसी भी संभावित संबंध और पूर्व नियोजित योजना या निर्देश देना शामिल हैं।