इंडोनेशिया ज्वालामुखी विस्फोट: जकार्ता समेत 6 हवाई अड्डों से शुरू हुई उड़ानें, लाखों यात्रियों को राहत
क्या है खबर?
इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट के बाद 2 दिन से बंद ठप पड़ा हवाई यातायात धीरे-धीरे फिर पटरी पर लौट रहा है। जकार्ता के पास स्थित सोकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ-साथ 5 अन्य हवाई अड्डों से आज सुबह विमानों ने उड़ान भरना शुरू कर दी है। इससे 3.40 लाख से ज्यादा यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, जो उड़ानें रद्द होने के चलते बीते कुछ दिनों से इंडोनेशिया में फंसे हुए थे।
हवाई अड्डे
आधी रात से खुले हवाई अड्डे
इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, सोकार्नो-हट्टा हवाई अड्डा स्थानीय समयानुसार रात 12:30 बजे फिर से खुल गया है।
वहीं, जकार्ता में हलीम पेरदानकुसुमा हवाई अड्डे ने भी 12:40 बजे से परिचालन फिर से शुरू कर दिया और हुसैन सस्त्रनेगारा हवाई अड्डे से रात 12:42 बजे से विमान उड़ान भरने लगे हैं।
दक्षिणी सुमात्रा में एक हवाई अड्डे ने भी 7 सितंबर को परिचालन शुरू कर दिया था। यानी बंद पड़े 8 में से 6 हवाई अड्डे खुल गए हैं।
विस्फोट
3,000 से ज्यादा उड़ानें हुई थीं रद्द
इंडोनेशिया के अनाक क्राकाटाऊ ज्वालामुखी में 6 सितंबर को एक के बाद एक 3 धमाके हुए थे। इसके बाद राख ने 50,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर जकार्ता, बेंटेन, पश्चिम जावा, लाम्पुंग और बेंग्कुलु समेत बड़े इलाके को घेर लिया था, जिसके चलते हवाई यातायात प्रभावित हुआ था।
इसके बाद 3,000 से ज्यादा उड़ानों को रद्द करना पड़ा था और 3.40 लाख से ज्यादा यात्री हवाई अड्डों पर फंस गए थे।