सिनसिनाटी चिड़ियाघर की हिप्पो 'फियोना' ने दुनिया को कहा अलविदा, टोपी निगलने से हुई मौत
क्या है खबर?
सोशल मीडिया पर मशहूर सिनसिनाटी चिड़ियाघर की दरियाई घोड़ा 'फियोना' दुनिया भर के लोगों का ध्यान खींचती थी। अब इस प्यारे-से हिप्पो ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। 9 साल की उम्र में एक यात्री की टोपी निगल लेने की वजह से फियोना का निधन हो गया है। उसके जाने की खबर ने दुनिया भर के लोगों को गमगीन कर दिया है और चिड़ियाघर वालों को बड़ा झटका लगा है।
फियोना
चिड़ियाघर ने सुनाई दुखद खबर
सिनसिनाटी चिड़ियाघर एंड बॉटनिकल गार्डन ने बताया कि फियोना ने करीब 11 दिनों पहले एक टोपी निगल ली थी, जिसे वह बाहर नहीं निकाल पाई।
उसे चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम और देखभाल करने वाले कर्मचारियों से 24 घंटे देखभाल मिली और कई तरह के इलाज भी दिए गए। हालांकि, बदकिस्मती से वह बच नहीं सकी।
चिड़ियाघर के निदेशक डेव जेनिक ने एक समाचार विज्ञप्ति में कहा, "हम इस समय सदमे में हैं।"
संघर्ष
आखरी सांस तक करती रही संघर्ष
डेव ने बताया, "हमें इस नतीजे की उम्मीद नहीं थी। उसने अपने आखरी दम तक संघर्ष किया था।" चिड़ियाघर ने सर्जरी के सिलसिले में पशु और मानव विशेषज्ञों, दोनों से सलाह ली थी।
हालांकि, फियोना का वजन 2,000 पाउंड से ज्यादा था, जिसके लिए सर्जरी का विकल्प नहीं चुना जा सकता था। चिड़ियाघर ने कहा, "टोपी को उसके शरीर से बाहर निकालने की कई कोशिशों के बावजूद, यह बाधा पार करना बहुत मुश्किल साबित हुआ।"
टोपी
फियोना तक कैसे पहुंची टोपी?
सिनसिनाटी चिड़ियाघर घूमने आए एक बच्चे ने हवा में अपनी बुनी हुई टोपी को उछाला। वह छत के पंखे की चपेट में आ गई थी, जिससे वह 12 फुट ऊंची देखने वाली खिड़कियों के ऊपर मौजूद एक फुट के रास्ते से निकलकर फियोने के पास जा गिरी थी।
फियोना की देखभाल करने वालों ने उसकी आंतों से टोपी को बाहर निकालने में मदद करने के लिए एनिमा देना और उसे वाइब्रेशन प्लेट पर खड़ा करने जैसे कई तरीके अपनाए थे।
चिड़ियाघर
लोगों के फियोना को दी श्रद्धांजलि
सिनसिनाटी चिड़ियाघर के बोर्ड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन थेन मेनार्ड ने कहा, "फियोना एक उपहार थी। मैंने अपनी जिंदगी में किसी ऐसे जानवर को नहीं देखा, जो इतना प्यारा हो। अपने जन्म के दिन से ही वह मानो बोतल में बंद बिजली की तरह थी। आने वाले कई सालों तक लोग उसे याद रखेंगे और उससे प्यार करते रहेंगे।"
चिड़ियाघर के प्रवेश द्वार के बाहर लगी दरियाई घोड़े की मूर्ति पर लोगों ने फूल और कार्ड रखकर फियोना को श्रद्धांजलि दी।
हिप्पो
क्यों खास थी फियोना?
फियोना 2017 में समय से पहले पैदा होने के बावजूद जीवित बच जाने के कारण दुनिया भर में मशहूर हो गई थी। जन्म के समय उसका वजन सिर्फ 13.15 किलो था और वह इंसानों की देखरेख में जीवित बचने वाली अब तक की सबसे छोटी हिप्पो थी।
वह पहली ऐसी नाइल हिप्पो थी, जिसे जन्म से पहले अल्ट्रासाउंड में देखा गया था। वह 50 से ज्यादा सालों के बाद सिनसिनाटी चिड़ियाघर में पैदा होने वाली पहली हिप्पो थी।