FBI निदेशक काश पटेल ने गायिका एलेक्सिस विल्किंस के साथ की सगाई, विवादों से घिरा था रिश्ता
अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के भारतीय मूल के निदेशक काश पटेल ने कंट्री सिंगर एलेक्सिस विल्किंस के साथ सगाई कर ली। दोनों ने 3 साल से अधिक समय तक साथ रहने के बाद रविवार को अपनी सगाई की घोषणा की।
विल्किंस ने पटेल के साथ खड़ी अपनी एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह अपनी अंगूठी दिखाने के लिए अपना हाथ ऊपर उठाए हुए हैं।
दोनों कम से कम 2023 से साथ हैं। पिछले साल फरवरी में काश पटेल अपने शपथ ग्रहण समारोह में भी विल्किंस के साथ देखे गए थे।
इनके रिश्ते ने सिर्फ रोमांस की वजह से ही नहीं, बल्कि कई बड़ी और विवादित खबरों के कारण भी सुर्खियां बटोरी हैं।
पटेल का विमान का इस्तेमाल, विल्किंस को सुरक्षा और उन पर मुकदमा
काश पटेल पर आरोप लगे थे कि उन्होंने FBI के विमान का इस्तेमाल स्टेट कॉलेज, पेन्सिलवेनिया जाने के लिए किया था। वहां एलेक्सिस विल्किंस ने एक 'रियल अमेरिकन फ्रीस्टाइल रेसलिंग' इवेंट में राष्ट्रगान गाया था।
पटेल ने तब सफाई दी थी कि यह सुरक्षा कारणों से था। FBI अधिकारियों ने भी कहा था कि काश पटेल अपनी निजी यात्राओं का खर्च सरकार को लौटा देते हैं।
मामला तब और गरमा गया, जब जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद विल्किंस को FBI की सुरक्षा दी गई। इससे बहस छिड़ गई, क्योंकि वह न तो कोई सरकारी अधिकारी थीं और न ही काश पटेल की पत्नी थीं।
उन पर इजराइली इंटेलिजेंस से जुड़े होने की झूठी अफवाहें फैलाने का भी मुकदमा हुआ था। इन सब विवादों के बावजूद, यह कपल इन सबसे बेपरवाह होकर एक साथ आगे बढ़ रहा है।