रूस की जब्त अरबों की संपत्ति पर अमेरिकी नियंत्रण की योजना विफल, यूरोपीय संघ का विरोध
अमेरिका ने हाल ही में रूस की अरबों डॉलर की जब्त संपत्तियों को मुक्त करने की एक योजना पेश की थी।
अमेरिका को उम्मीद थी कि इस कदम से रूस और यूक्रेन के बीच अटकी शांति वार्ता फिर से शुरू हो सकेगी, लेकिन इस पर यूरोपीय संघ का विरोध शुरू हो गया है।
यूरोपीय अधिकारियों का मानना है कि योजना से पैसों का प्रबंधन अमेरिका के पास चला जाएगा, जिससे वॉशिंगटन को बहुत ज्यादा नियंत्रण मिलेगा।
इसे देखते हुए यूरोप ने योजना को खारिज कर दिया है।
जब्त संपत्ति से यूक्रेन को 45 अरब यूरो का सहारा मिलेगा
रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से, साल 2022 से उसकी ज्यादातर संपत्ति यूरोप में ही रुकी हुई है। इन जब्त पैसों पर इतना ब्याज जमा हो चुका है कि G-7 देश यूक्रेन को इससे 45 अरब यूरो का कर्ज दे सकते हैं।
यूरोपीय संघ चाहती है कि अगर रूस हर्जाना नहीं देता है, तो इस पैसे का इस्तेमाल यूक्रेन के पुनर्निर्माण के लिए किया जाए, लेकिन इस पर यूरोपीय संघ के सभी देशों की सहमति जरूरी है, जो आसान नहीं है।
वहीं, रूस अपनी इन जब्त संपत्तियों को वापस लौटाने की मांग कर रहा है और कानूनी कार्रवाई करने की धमकी भी दे रहा है।