हूती हमलों के बाद हवाई सफर पर संकट, एतिहाद और फ्लाईदुबई ने UAE-सऊदी उड़ानें रोकीं
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों को अब परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एतिहाद एयरवेज और फ्लाईदुबई ने अपनी उड़ानें स्थगित कर दी है।
एतिहाद ने की रियाद और दम्माम के लिए उड़ानें 19 नवंबर तक और फ्लाईदुबई ने दम्माम के लिए अपनी कई सेवाएं 10 नवंबर तक रद्द कर दी हैं, जबकि आभा और रियाद के लिए उड़ानें 17 नवंबर तक रोक दी गई हैं।
एतिहाद और फ्लाईदुबई जैसी एयरलाइंस ने रियाद, दम्माम और आभा के लिए अपनी उड़ानें हाल ही में हुए हूती हमलों के कारण रोकी हैं।
ये हमले रियाद में हवाई अड्डे के इन्फ्रास्ट्रक्चर और सऊदी तेल कंपनी अरामको से जुड़ी एक इमारत को निशाना बनाकर किए गए थे।
कई एयरलाइंस और UAE के एयरपोर्ट भी हुए प्रभावित
इन उड़ानों को रोके जाने का असर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों पर देखा जा रहा है। फ्लाईनास, रियाद एयर, सेबू पैसिफिक और केन्या एयरवेज जैसी कई एयरलाइंस की उड़ानें भी इससे प्रभावित हुई हैं।
दुबई और अबू धाबी जैसे UAE के प्रमुख हवाई अड्डों पर भी उड़ानों में देरी देखने को मिल रही है।
सलाह दी गई कि सऊदी अरब या UAE से होकर यात्रा करने वाले यात्री घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें।