ईरान युद्ध को लेकर हुई ट्रंप और मोदी की बातचीत में शामिल हुए थे मस्क- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ईरान युद्ध को लेकर इस हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें अरबपति उद्योगपति एलन मस्क भी शामिल थे। यह खुलासा अमेरिका के द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में किया है। हालांकि, मस्क कॉल पर क्यों थे और उन्होंने बात की थी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। अमेरिकी सरकार में कोई आधिकारिक पद न रखने वाले मस्क का कॉल में शामिल होना एक असामान्य घटना बताई जा रही है।
खुलासा
मस्क ने क्यों लिया मोदी-ट्रंप की कॉल में हिस्सा?
रिपोर्ट में अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि युद्धकालीन संकट में दो राष्ट्रों के प्रमुखों की बीच हुई बातचीत में किसी निजी नागरिक के शामिल होने का यह एक दुर्लभ उदाहरण है। बताया जा रहा है कि उनकी बातचीत का प्रमुख केंद्र अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य रहा, जहां से वैश्विक तेल और गैस शिपमेंट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा गुजरता है। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी और व्हाइट हाउस ने इस बातचीत की कोई जानकारी नहीं दी थी।
बातचीत
मंगलवार को हुई थी बातचीत
मोदी-ट्रंप के बीच मंगलवार 24 मार्च को बातचीत हुई थी, जिसकी सबसे पहले जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी थी। उन्होंने एक्स पर लिखा था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की। उन्होंने मध्य-पूर्व की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की, जिसमें होर्मुज को खुला रखने का महत्व भी शामिल है। इसके बाद मोदी ने एक्स पर लिखा कि उनके बीच पश्चिम एशिया की स्थिति, जल्द शांति बहाली और होर्मुज को लेकर बात हुई थी।
कार्यकाल
ट्रंप के प्रशासन में शामिल थे मस्क
राष्ट्रपति ट्रंप के चुनाव में एलन मस्क ने काफी खुलकर प्रचार किया था और जीत का जश्न मनाया था। इसके बाद ट्रंप ने मस्क को सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) का प्रमुख बनाया था। तब मस्क ने सरकारी विभागों से सैंकड़ों कर्मचारियों की छंटनी की थी, जिसको लेकर अमेरिका में काफी विवाद हुआ था। बाद में ट्रंप के 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' पर विरोध के कारण मस्क ट्रंप प्रशासन से बाहर निकल गए थे। उन्होंने अपनी राजनीतिक अमेरिकी पार्टी भी बनाई।