LOADING...
IPL 2026: RCB बनाम SRH मुकाबले का प्रीव्यू, पिच रिपोर्ट और अहम आंकड़े
RCB और SRH के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिल सकती है (फाइल तस्वीर)

IPL 2026: RCB बनाम SRH मुकाबले का प्रीव्यू, पिच रिपोर्ट और अहम आंकड़े

Mar 27, 2026
11:17 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का आगाज 28 मार्च (शनिवार) से होने जा रहा है। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। पिछले साल की चैंपियन रही RCB अपने घर में पहला मुकाबला हर हाल में जीतना चाहेगी। हालांकि, SRH को हराना इतना आसान नहीं होगा। आगामी सीजन का उद्घाटन समारोह नहीं होगा। आइए मुकाबले की पिच रिपोर्ट, प्रीव्यू और अन्य जरूरी बातें जान लेते हैं।

हेड-टू-हेड

RCB के खिलाफ SRH का पलड़ा रहा है भारी 

दोनों टीमों की भिड़ंत में अब तक SRH का पलड़ा भारी रहा है। दोनों के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 26 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 11 मैच RCB ने अपने नाम किए हैं और 14 मैच में SRH को जीत मिली है। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला था। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 1 मैच खेला गया था। उस मुकाबले को SRH ने 42 रन से अपने नाम किया था।

प्लेइंग इलेवन

इस संयोजन के साथ उतर सकती है RCB 

RCB अपनी प्लेइंग इलेवन में फिलिप सॉल्ट, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड और जैकब डफी के रूप में विदेशी खिलाड़ियों को मौका दे सकती है। जोस हेजलवुड चोटिल होने के कारण शुरुआती मुकाबले नहीं खेलेंगे। विराट कोहली और सॉल्ट पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं। संभावित एकादश: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, मंगेश यादव, भुवनेश्वर कुमार और जैकब डफी।

Advertisement

SRH 

इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है SRH 

पैट कमिंस चोटिल होने के कारण शुरुआती मुकाबलों का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसे में ईशान किशन कप्तान के तौर पर नजर आएंगे। कमिंस के ना होने से SRH की तेज गेंदबाजी थोड़ी कमजोर लग रही है। स्पिन गेंदबाजी में भी अनुभव की कमी है। हालांकि, टीम की बल्लेबाजी बेहद खतरनाक है। संभावित एकादश: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, नितीश रेड्डी, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और जीशान अंसारी।

Advertisement

जानकारी

ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर

RCB: सुयश शर्मा, देवदत्त पडिक्कल, रसिख सलाम और जैकब बेथेल। SRH: कामिन्दु मेंडिस,शिवम मावी, ईशान मलिंगा और सलिल अरोड़ा।

पिच

कैसा रहेगा पिच का मिजाज? 

सीमित ओवरों के क्रिकेट में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है। यह मैदान अपनी छोटी बाउंड्री के कारण हाई स्कोरिंग मैदान के रूप में अपनी प्रतिष्ठा के लिए जाना जाता है। ऐसे में किसी भी टीम के गेंदबाज के लिए यहां किफायती प्रदर्शन करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। हाउस्टेट के मुताबिक, चिन्नास्वामी स्टेडियम पर IPL मैचों के दौरान पहली पारी का औसत स्कोर 167 रन का है।

जानकारी

कैसा रहेगा बेंगलुरु का मौसम? 

एक्यूवेदर के अनुसार, 28 मार्च को बेंगलुरु का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 22 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। दर्शकों को एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।

नजरें 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें 

कोहली ने पिछले 10 मुकाबलों में 58.88 की औसत और 144.47 की स्ट्राइक रेट से 471 रन बनाए हैं। SRH के अभिषेक के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 45.11 की औसत और 200 की स्ट्राइक रेट से 406 रन निकले हैं। RCB की ओर से भुवनेश्वर ने पिछले 10 मैचों में 9.89 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट अपने नाम किए हैं। SRH के मलिंगा ने पिछले 7 मैच में 8.93 की इकॉनमी से 13 विकेट चटकाए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला? 

RCB और SRH के बीच यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement