शेयर बाजार: सेंसेक्स 1,100 अंक टूटा, क्या है इस गिरावट की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज सुबह-सुबह बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 1,100 अंकों की बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 1,100 अंक से ज्यादा गिरकर 74,200 के इंट्राडे लो पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 300 टूटकर 22,978 के दिन के लो पर आ गया। इस गिरावट से निवेशकों को कुछ ही समय में करीब 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
#1
कमजोर ग्लोबल संकेत और युद्ध का असर
शेयर बाजार में गिरावट की एक बड़ी वजह कमजोर ग्लोबल संकेत माने जा रहे हैं। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण दुनियाभर के बाजारों में दबाव है। अमेरिकी बाजारों में गिरावट के बाद एशियाई बाजार भी 2 प्रतिशत तक टूटे हैं। इस अनिश्चित माहौल के कारण निवेशक सतर्क हो गए हैं और खरीदारी कम कर रहे हैं, जिससे भारतीय बाजार पर भी सीधा असर देखने को मिल रहा है।
#2
रुपये की कमजोरी और महंगा कच्चा तेल
भारतीय रुपये की लगातार गिरावट भी बाजार पर दबाव बना रही है। रुपया डॉलर के मुकाबले 94 के पार पहुंच गया है, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं और ब्रेंट क्रूड 108 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुका है महंगे तेल से कंपनियों की लागत बढ़ने की चिंता है, जिससे बाजार में बिकवाली बढ़ गई है।
#3
विदेशी निवेश की निकासी से दबाव बढ़ा
बाजार में गिरावट की एक और बड़ी वजह विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली है। आंकड़ों के अनुसार, मार्च महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से बड़ी मात्रा में पैसा निकाला है। इससे बाजार में नकदी कम हुई है और दबाव बढ़ गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।