अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5 तीव्रता का भूकंप आया, लोगों को लगे झटके
क्या है खबर?
अमेरिका में कैलिफोर्निया राज्य के सांता क्रूज काउंटी में गुरुवार को भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.0 मापी गई है। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप गुरुवार तड़के आया है, जिसका केंद्र मात्र 9 किलोमीटर की उथली गहराई पर था। बता दें कि गहरे भूकंपों की तुलना में उथले भूकंप अधिक तेजी से महसूस किए जाते हैं, क्योंकि वे सतह के काफी करीब होते हैं।
भूकंप
नुकसान की कोई सूचना नहीं
अभी तक भूकंप से किसी नुकसान की खबर नहीं आई है, लेकिन उथला केंद्र होने की वजह से हल्के से मध्यम नुकसान की आशंका जताई जा रही है। भूकंप के केंद्र से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित 2,000 लोगों की आबादी वाले ब्रुकडेल में मध्यम कंपन महसूस हुए है। इसके साथ ही, 15 किलोमीटर से दूर लॉस गैटोस, सनीवेल, सांता क्लारा, माउंटेन व्यू, सैन जोस में भी हल्के झटके महसूस हुए हैं।
भूकंप
इंडोनेशिया में सुबह आया था 7.8 तीव्रता का भूकंप
इंडोनेशिया के उत्तरी मोलुक्का सागर क्षेत्र में गुरुवार तड़के 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जो शुरूआती दौर में पता चला। बाद में इसकी तीव्रता 7.4 दर्ज की गई। USGS के मुताबिक, भूकंप की गहराई 35 किलोमीटर थी और इसका केंद्र इंडोनेशिया के टेरनेट से 127 किलोमीटर (79 मील) पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में था। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया के तटों पर लहरें उठने की संभावना जताई है।