Page Loader
ग्रीस के सेंटोरिनी द्वीप पर तेज भूकंप के बाद आपातकाल घोषित, इजरायल में सुनामी का अलर्ट
ग्रीस के सेंटोरिनी द्वीप पर भूकंप के बाद इजरायल में सुनामी का अलर्ट (पिक्सल)

ग्रीस के सेंटोरिनी द्वीप पर तेज भूकंप के बाद आपातकाल घोषित, इजरायल में सुनामी का अलर्ट

लेखन गजेंद्र
Feb 07, 2025
02:44 pm

क्या है खबर?

ग्रीस के मशहूर सेंटोरिनी द्वीप पर बुधवार को आए 5.2 तीव्रता के भूकंप के बाद आपातकाल की घोषणा की गई है। ग्रीस में पिछले कुछ हफ्ते से लगातार झटके लग रहे हैं। सरकार का कहना है कि 31 जनवरी से लगातार भूकंपीय स्थिति बनी हुई है। एथेंस जियोडायनेमिक इंस्टीट्यूट ने गुरुवार सुबह 4.0 तीव्रता से अधिक के लगातार 7 भूकंप दर्ज किए हैं। इसे देखते हुए ग्रीक नागरिक सुरक्षा मंत्रालय ने 3 मार्च तक आपातकाल घोषित किया है।

आपातकाल

संवेदनशील इलाके बंद किए गए

भूकंप के झटकों के कारण सीजनल वर्कर्स फेरी के जरिए ग्रीक मेनलैंड की ओर पलायन की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हालांकि, तेज हवाओं के कारण नौकाओं को बंदरगाह से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। कुछ स्थानीय लोग विमान के जरिए द्वीप छोड़ रहे हैं। अब तक लगभग 11,000 लोग द्वीप छोड़ चुके हैं। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों को बंद कर दिया है और पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया है।

खतरा

इजरायल ने सुनामी को लेकर अलर्ट जारी किया

ग्रीस में भूकंप को देखते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने अधिकारियों को तट पर सुनामी की संभावना के मद्देनजर अलर्ट रहने को कहा है। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि भूकंप क्षेत्र से इजरायल राज्य की दूरी लगभग 900 किलोमीटर है और शक्तिशाली भूकंप से सुनामी लहर के लिए अनुमानित चेतावनी समय 2 घंटे है। काफी पहले सुनामी इज़राइल को प्रभावित कर चुकी है। इजराइल में लगभग 200 किलोमीटर लंबी भूमध्यसागरीय तटरेखा है।

जानकारी

काफी मशहूर पर्यटन स्थल पर सेंटोरिनी द्वीप

सेंटोरिनी द्वीप पर्यटकों के बीच मशहूर है। इस सुंदर क्षेत्र में हर साल 34 लाख से ज़्यादा पर्यटक आते हैं। यहां 20,000 स्थायी निवासी हैं। 26 जनवरी से सेंटोरिनी, अमोरगोस, अनाफी और IOS द्वीपों के पास एजियन सागर में 6,000 भूकंप दर्ज हुए हैं।