UAE और बहरीन में अमेजन के क्लाउड केंद्रों पर हुए ड्रोन हमले
क्या है खबर?
मध्य पूर्व में युद्ध के कारण अमेजन की क्लाउड्स सेवा अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) से जुड़े कई केंद्र हमले का शिकार हुए हैं। कंपनी ने बताया कि ड्रोन हमलों की वजह से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और बहरीन में उसकी कुछ सुविधाओं पर असर पड़ा है। UAE में एक डाटा सेंटर पर संदिग्ध ऑब्जेक्ट्स के हमले के बाद पावर और कनेक्टिविटी में दिक्कत आई है। इससे क्लाउड सेवाओं की उपलब्धता कुछ समय के लिए प्रभावित हुई।
प्रभाव
डिलीवरी और फुलफिलमेंट सेंटर बंद
रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन ने अबू धाबी में अपना फुलफिलमेंट सेंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिससे स्थानीय सप्लाई नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया है। इसके चलते पूरे इलाके में डिलीवरी और रिटर्न सेवाओं में देरी हो रही है और ग्राहकों को इंतजार करना पड़ रहा है। कंपनी ने इजरायल और लेबनान की बिजनेस यात्रा पर रोक लगा दी है। कई कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम पर भेजा गया है और सुरक्षा सतर्कता बढ़ाई गई है।
असर
थर्ड-पार्टी सेलर्स पर असर
मध्य पूर्व में करीब तीन लाख थर्ड-पार्टी सेलर्स अमेजन के नेटवर्क और वेयरहाउस सिस्टम पर निर्भर हैं। फुलफिलमेंट सेंटर बंद होने से शिपमेंट में देरी, ऑर्डर कैंसिल होने और रिफंड बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। कई सेलर्स क्रॉस बॉर्डर शिपिंग के लिए अमेजन के इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करते हैं। अबू धाबी में रुकावट से नेटवर्क क्षमता घट सकती है, जिससे पूरे क्षेत्र में ई-कॉमर्स संचालन और सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है।
दबाव
बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव
यह स्थिति दिखाती है कि भू-राजनीतिक तनाव कितनी तेजी से वैश्विक सप्लाई चेन और डिजिटल सेवाओं को प्रभावित कर सकता है। 2017 में 60 करोड़ डॉलर (लगभग 5,400 करोड़ रुपये) में Souq.com के अधिग्रहण के बाद अमेजन ने इस क्षेत्र में अपना विस्तार तेज किया था। अब कंपनी हालात पर लगातार नजर रख रही है और अतिरिक्त ऑपरेशनल सपोर्ट स्टैंडबाय पर रखा है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि सेवाएं और डिलीवरी पूरी तरह सामान्य कब तक हो पाएंगी।