काला सागर में रूसी तेल से लदे तुर्की टैंकर पर ड्रोन हमला
क्या है खबर?
काला सागर में गुरुवार को रूसी तेल से लदे तुर्की टैंकर M/T अल्टुरा पर इस्तांबुल के बोस्पोरस जलडमरूमध्य के पास ड्रोन हमला हुआ है। तुर्की के परिवहन मंत्री अब्दुलकादिर उरालोग्लू ने कहा कि गुरुवार तड़के काला सागर में एक तेल टैंकर पर हमला हुआ, जो किसी मानवरहित सतह वाहन द्वारा किया गया है। मंत्री ने बताया कि हमले में जहाज के बाहरी हिस्से और इंजन कक्ष को नुकसान पहुंचा है। घटना की जांच जारी है।
हमला
10 लाख बैरल तेल से लदा है जहाज, इंजन कक्ष में पानी भरा
तुर्की मीडिया के मुताबिक, जहाज पर 10 लाख बैरल रूसी कच्चा तेल था, जिसके इंजन कक्ष में पानी भर गया। बुधवार आधी रात के बाद तुर्की के आपातकालीन कॉल सेंटर को इंजन में विस्फोट की सूचना मिली। टैंकर की सहायता के लिए आपातकालीन दल भेजे गए थे। अधिकारियों ने पुष्टि की कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। तुर्की के तटीय सुरक्षा महानिदेशालय ने देश के सबसे बड़े आपातकालीन प्रतिक्रिया पोत, नेने हातुन को घटनास्थल पर तैनात किया है।
हमला
बोस्फोरस जलडमरूमध्य से नियमित रूप से गुजर रहे हैं तुर्की टैंकर
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध छिड़ने के बाद से काला सागर सैन्य गतिविधियों का केंद्र बन गया है, जिसस क्षेत्रीय तनाव बढ़ा है। तुर्की के टैंकर नियमित रूप से रूसी कच्चे तेल को लेकर बोस्फोरस जलडमरूमध्य से गुजरते हैं, जो काला सागर को मरमारा सागर और भूमध्य सागर से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले तेल निर्यात और जहाजरानी सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं।