ट्रंप ने टैरिफ को लेकर धमकी दी, कहा- अगर अजीब फैसले से खेला तो बुरा होगा
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ के खिलाफ दिए गए फैसले को अजीब बताते हुए देशों को धमकी दी है। उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करने वाले देशों को चेतावनी दी है कि वे इस अजीब फैसले की आड़ लेकर खेल खेलने की कोशिश न करें, वरना बहुत बुरा होगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर देश व्यापार समझौते से पीछे हटे तो वे और अधिक टैरिफ लगा सकते हैं।
धमकी
ट्रंप ने क्या दी धमकी?
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, "जो कोई भी देश सुप्रीम कोर्ट के इस अजीब फैसले के साथ 'खेल खेलना' चाहता है, खासकर वे देश जिन्होंने सालों, और दशकों तक अमेरिका का 'शोषण' किया है, उन्हें बहुत ज्यादा टैरिफ़ देना होगा। उनको हाल में सहमत हुए टैरिफ से और भी अधिक बुरी स्थिति देखनी पड़ेगी। खरीदार सावधान!!! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।' ट्रंप की इस धमकी पर अभी किसी देश का बयान नहीं आया है।
टैरिफ
आज से लागू होगा सुप्रीम कोर्ट का फैसला, ट्रंप चलेंगे दूसरा दांव
सुप्रीम कोर्ट ने 3 दिन पहले अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (IEEPA) के तहत ट्रंप के टैरिफ को अवैध घोषित कर दिया था। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) का कहना है कि टैरिफ संग्रह मंगलवार को भारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से बंद हो जाएगा। ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया कि टैरिफ का दबाव बनाए रखने के लिए वे अन्य व्यापार कानूनों का सहारा लेंगे। ट्रंप ने व्यापारिक साझेदारों पर नए लाइसेंस शुल्क लगाने की संभावना जताई है।