ट्रंप की ईरान को चेतावनी- 48 घंटे में होर्मुज खोले वरना ऊर्जा संयंत्रों पर करेंगे हमला
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए ईरान को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्यको पूरी तरह नहीं खोलाता है, तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमला करेगा। ट्रंप ने लिखा, 'अगर ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज को नहीं खोलता है, तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमला करेगा और उन्हें तबाह कर देगा और शुरुआत सबसे बड़े संयंत्र से होगी।'
बयान
ट्रंप बोले- ऊर्जा संयंत्र पूरी तरह तबाह कर देंगे
ट्रंप ने लिखा, 'अगर ईरान ठीक इसी समय से 48 घंटों के भीतर बिना धमकी के होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से नहीं खोलता है, तो अमेरिका उनके अलग-अलग ऊर्जा संयंत्रों पर हमला कर उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देगा और इसकी शुरुआत सबसे बड़े संयंत्र से होगी! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।' ट्रंप की चेतावनी ऐसे समय आई है, जब ईरान के हमले में दक्षिणी इजरायल में 100 लोग घायल हुए हैं।
ईरान
ईरान बोला- अमेरिका और इजरायल के ऊर्जा ढांचों पर करेंगे हमला
अमेरिका की चेतावनी पर ईरान का भी जवाब आया है। ईरान ने कहा है कि अगर उसके ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाया गया, तो वह मध्य पूर्व में अमेरिका और इजरायल से जुड़े सभी ऊर्जा ढांचे पर हमला करेगा। ईरान के खातम अल-अनबिया सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फाघारी ने कहा कि ईरान अमेरिका और इजरायल से जुड़े डिसेलिनेशन प्लांट (समुद्री पानी को मीठा बनाने वाले प्लांट) और IT इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी हमला करेगा।
हमला
इजरायली शहर अरद और डिमोना पर हमला, करीब 100 घायल
ईरान ने बीते दिन इजरायल के अरद और डिमोना शहर पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। इस हमले में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से करीब 11 की हालत गंभीर है। गंभीर घायलों में 2 बच्चे भी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अरद पर हमला एक रिहायशी इलाके में हुआ, जहां मिसाइल गिरने से भारी नुकसान हुआ। वहीं, डिमोना में इजरायल के परमाणु केंद्र को निशाना बनाया गया।
नतांज
ईरानी हमलों के बाद नेतन्याहू बोले- ये बहुत कठिन शाम
ईरान ने कहा कि डिमोना पर हमला उसके नतांज परमाणु केंद्र पर इजरायली हमले का जवाब है। डिमोना में इजरायल का परमाणु हथियार भंडार माना जाता है, लेकिन इजरायल ने कभी आधिकारिक रूप से परमाणु हथियार रखने की बात स्वीकार नहीं की है। हमलों के बाद इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने 'हर मोर्चे पर' जवाब देने की बात कही। उन्होंने इस हमले को 'बहुत कठिन शाम' बताया और ईरान पर हमले जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
घटनाक्रम
बीते दिन के बड़े घटनाक्रम जानिए
ईरानी हमलों के बाद दक्षिणी इजरायल में सभी स्कूल पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ब्रिटेन ने अपनी एक परमाणु पनडुब्बी अरब सागर में तैनात की है। इजरायल-अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान पर मिसाइल हमलें किए हैं। तकनीकी खराबी के बाद कतर का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सऊदी अरब ने कहा कि उसने 3 और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है।