मोजतबा के पहले संदेश पर ट्रंप का जवाब, कहा- ईरान को खत्म करना सम्मान की बात
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के पहले संदेश के बाद एक बार फिर कसम खाई है कि वह ईरान को पूरी तरह खत्म कर देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स को भी निशाने पर लिया, जो युद्ध को लेकर अमेरिकी सरकार की आलोचना कर रहा है और अमेरिकी सेना से जुड़ी अंदरूनी खबरें प्रकाशित कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि उनके लिए ईरान को समाप्त करना सम्मान की बात होगी।
बयान
ईरान और उसके नेताओं को धरती से मिटा दिया- ट्रंप
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'हम ईरान के आतंकवादी शासन को पूरी तरह से खत्म कर रहे हैं। सैन्य, आर्थिक और हर दूसरे तरीके से। फिर भी, अगर आप 'असफल होते न्यूयॉर्क टाइम्स' पढ़ते हैं, तो आपको गलतफहमी होगी कि हम जीत नहीं रहे। ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना अब रही ही नहीं, मिसाइलें, ड्रोन और बाकी सब कुछ तबाह किया जा रहा है, और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है।'
बयान
हमारे पास गोला-बारूद की कमी नहीं- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा, 'हमारे पास बेजोड़ मारक क्षमता है, गोला-बारूद की कोई कमी नहीं है, और हमारे पास काफी समय भी है। देखिए आज इन पागल और नीच लोगों का क्या हश्र होता है। ये लोग पिछले 47 सालों से पूरी दुनिया में बेकसूर लोगों को मारते आ रहे हैं, और अब मैं अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर इन्हें खत्म कर रहा हूं। ऐसा करना मेरे लिए कितने बड़े सम्मान की बात है!'
जंग
न्यूयॉर्क टाइम्स पर क्यों नाराज हुए ट्रंप?
अमेरिकी अखबार ने एक दिन पहले ही दावा किया था कि ईरान के मीनाब में जो स्कूली हमले में 165 छात्राओं की जान गई थी, वह अमेरिकी सेना की गलती से हुआ था, जबकि ट्रंप हमले को नकार चुके हैं। ट्रंप का ये नवीनतम बयान मोजतबा खामेनेई के पहले संदेश के बाद आया है। खामेनेई ने गुरुवार को एक टीवी संदेश में कहा था कि वह अमेरिकी संपत्तियों पर हमले जारी रखेगा और होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलेगा।