इजरायल चुनाव को लेकर ट्रंप का चौंकाने वाला दावा, बोले- मेरे कारण नेतन्याहू बड़ी हार से बचे
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के हालिया चुनावों में अपनी भूमिका को अहम बताया है। इजरायल के संसदीय चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान हुआ था।
ट्रंप का कहना है कि उनके समर्थन के कारण ही प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बड़ी हार से बच सके और मुकाबला बेहद करीबी हो गया।
बता दें कि ट्रंप ने नेतन्याहू को अपना समर्थन दिया था और इजरायलियों से उनको वोट करने की अपील की थी। मतदान के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजे में नेतन्याहू का गुट और उनके प्रतिद्वंद्वी गादी आइजनकोट बिल्कुल बराबरी पर थे।
सरकार बनाने के लिए जरूरी 120 में से 61 सीटों का बहुमत किसी भी पक्ष को नहीं मिल पाया है। परिणाम 4 नवंबर को सामने आएगा।
बेंजामिन नेतन्याहू ने अरब पार्टियों को बाहर रखा
कोई साफ विजेता न मिलने के बाद नेतन्याहू ने राइट-विंग और जायोनी पार्टियों से सरकार बनाने के लिए एकजुट होने की अपील की है। हालांकि, उन्होंने अरब गुटों को इसमें शामिल नहीं किया है।
वहीं, अरब मतदाताओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है, जिससे संयुक्त सूची गठबंधन को गठबंधन वार्ताओं में अपनी बात रखने का मौका मिल सकता है।
नेतन्याहू के मना करने के बाद आइजनकोट को अरब पार्टियों का समर्थन मिल सकता है, लेकिन अगर कोई समझौता नहीं हुआ, तो इजरायल में एक बार फिर चुनाव हो सकते हैं।