डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को संदेश, कहा- बिना शर्त आत्मसमर्पण के अलावा कोई समझौता नहीं
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ईरान पर अपना रुख और कड़ा कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होगा, उसे केवल बिना किसी शर्त के आत्मसमर्पण करना होगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि मध्य पूर्व में संघर्ष एक व्यापक युद्ध में तब्दील हो गया है और किसी भी राजनयिक मार्ग के उभरने से पहले तेहरान को आत्मसमर्पण करना होगा। आइए जानते हैं उन्होंने और क्या कुछ कहा है।
बयान
ट्रंप ने क्या दिया संदेश?
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'ईरान को बिना किसी शर्त के आत्मसमर्पण करना ही होगा, इसके अलावा समझौता करने के लिए उनके पास कोई विकल्प नहीं है।' उन्होंने आगे लिखा, 'वहां एक महान और स्वीकार्य नेता का चयन करने के बाद हम और हमारे कई अद्भुत और बहादुर सहयोगी ईरान को विनाश के कगार से वापस लाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएंगे और उसे आर्थिक रूप से पहले से भी कहीं बड़ा, बेहतर और मजबूत बनाएंगे।'
दावा
उज्ज्वल होगा ईरान का भविष्य- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा, 'ईरान का भविष्य उज्ज्वल होगा। ईरान को फिर से महान बनाओ!' यह उनके मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA) नारे पर आधारित एक व्यंग्यात्मक टिप्पणी थी। ट्रंप की ये टिप्पणी अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ समन्वित हमले शुरू करने के लगभग एक सप्ताह बाद आई है, जिसके परिणामस्वरूप जवाबी मिसाइल और ड्रोन हमले हुए हैं और अधिकांश खाड़ी देश युद्ध के निशाने पर आ गए हैं।
संकेत
ट्रंप ने गुरुवार को दिया था अहम संकेत
ट्रंप ने गुरुवार को संकेत दिया था कि वह ईरान के राजनीतिक भविष्य को आकार देने में प्रत्यक्ष भूमिका निभाना चाहते हैं। एक्सियोस के साथ साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि वह वेनेजुएला की तरह ही ईरान के अगले नेता के चुनाव में व्यक्तिगत रूप से शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के 56 वर्षीय बेटे मोजतबा खामेनेई की आलोचना करते हुए कहा कि उनके जैसे कमजोर व्यक्ति को इस्लामी गणराज्य का नेतृत्व सौंपना अस्वीकार्य है।