यूक्रेन युद्ध रोकने को डोनाल्ड ट्रंप की पहल, व्लादिमीर पुतिन और वोलोडिमीर जेलेंस्की से बात की
क्या है खबर?
अमेरिका के नवनियुक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध रुकवाने के लिए काम शुरू कर दिया है। बुधवार को उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रुथ पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनकी पुतिन और जेलेंस्की से अच्छी बात हुई है, वे दोनों युद्ध को रोकना चाहते हैं।
उन्होंने लिखा कि अब युद्ध को रोकने का समय आ गया है।
बातचीत
पुतिन से क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'मैंने अभी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक लंबी और बहुत ही उत्पादक फ़ोन कॉल की है। हमने यूक्रेन, मध्य पूर्व, ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डॉलर की शक्ति और कई अन्य विषयों पर चर्चा की। हम दोनों रूस-यूक्रेन के साथ युद्ध की लाखों मौतों को रोकना चाहते हैं। हम एक-दूसरे के राष्ट्रों का दौरा करने सहित, निकटता से काम करने पर सहमत हुए हैं। हम अपनी-अपनी टीमों को तुरंत बातचीत शुरू करने पर सहमत हुए।'
टीम
बातचीत के लिए ट्रंप ने बनाई टीम
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो, CIA के निदेशक जॉन रैटक्लिफ, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज और राजदूत और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से वार्ता का नेतृत्व करने के लिए कहा है, जो मुझे दृढ़ता से लगता है कि सफल होगी। लाखों लोग एक ऐसे युद्ध में मारे गए हैं जो मेरे राष्ट्रपति होने पर नहीं होता, लेकिन यह हुआ, इसलिए इसे समाप्त होना चाहिए।'
क्रेमलिन के अनुसार दोनों नेताओं ने डेढ़ घंटे फोन पर बात की।
बातचीत
जेलेंस्की से ट्रंप की क्या हुई बात?
ट्रंप ने पुतिन के बाद वोलोडिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की। उन्होंने ट्रुथ पर लिखा, 'मैंने अभी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से बात की, जो अच्छी रही। पुतिन की तरह वे भी शांति चाहते हैं। हमने युद्ध से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की। वे शुक्रवार को म्यूनिख में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। मुझे उम्मीद है बैठक के नतीजे सकारात्मक होंगे। युद्ध रोकने का समय आ गया है। भगवान रूस-यूक्रेन का भला करे!'
बातचीत
जेलेंस्की ने क्या कहा?
ट्रंप के साथ बातचीत के बाद जेलेंस्की ने एक्स पर वीडियो साझा कर लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप के साथ विस्तृत बातचीत हुई। मैं उनकी वास्तविक रुचि की सराहना करता हूं कि हम कैसे मिलकर वास्तविक शांति ला सकते हैं। हमने कूटनीतिक, सैन्य और आर्थिक पहलुओं पर चर्चा की। ट्रंप ने बताया कि पुतिन ने उन्हें क्या कहा। हमारा मानना है यूक्रेन और हमारे सभी साझेदारों के साथ मिलकर अमेरिका की ताकत रूस को शांति की ओर धकेलने के लिए पर्याप्त है।'
यात्रा
पुतिन ने ट्रंप को रूस दौरे का न्यौता दिया, खास होगी मुलाकात
क्रेमलिन की ओर से बताया गया कि राष्ट्रपति पुतिन ने फोन पर बातचीत के दौरान ट्रंप को मॉस्को आने का न्यौता दिया है, जिसे ट्रंप ने स्वीकार कर लिया है।
अगर ट्रंप रूस की यात्रा करते हैं तो वह पूर्व डेमोक्रेट राष्ट्रपति बराक ओबामा के बाद पहले राष्ट्रपति होंगे। ओबामा ने 2013 में G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान रूस की यात्रा की थी।
ट्रंप के पूर्ववर्ती जो बाइडन ने 3 साल पुतिन से बात नहीं की थी।
युद्ध
तीसरे साल में प्रवेश कर रहा रूस-यूक्रेन युद्ध
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की शुरुआत 24 फरवरी, 2022 को हुई थी। तब रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था।
अभी तक की रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध में रूस के 3.20 लाख और यूक्रेन के 2 लाख सैनिक या मारे गए हैं या घायल हुए हैं और काफी संपत्ति तबाह हुई है।
यूक्रेन के करीब 80 लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के मुताबिक, दोनों देशों के 12,300 आम नागरिक भी मारे गए हैं।