डोनाल्ड ट्रंप ने फिर ईरान को दी धमकी, बोले- होर्मुज जलडमरूमध्य खोलो वरना नरक में जाओगे
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने 7 अप्रैल तक होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला तो वे सबकुछ उड़ा देंगे। ट्रंप ने कहा कि मंगलवार (7 अप्रैल) का दिन ईरान में 'पावर प्लांट' और 'ब्रिज डे' होगा और ये दोनों एक ही दिन में होंगे। ट्रंप की ये धमकी ऐसे वक्त आई है, जब होर्मुज को लेकर उनकी 48 घंटे की समयसीमा भी खत्म होने को है।
बयान
ट्रंप बोले- ऐसी तबाही पहले कभी नहीं हुई होगी
ट्रंप ने लिखा, 'मंगलवार का दिन ईरान में 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा, ये दोनों एक ही दिन में होंगे। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा!!! उस 'कमीने' होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दो, तुम पागल कमीनों, वरना तुम नरक में रहोगे—बस देखते जाओ! राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप।' ट्रंप ने 26 मार्च को होर्मुज खोलने के लिए ईरान को 10 दिन की समयसीमा दी थी। ये कल खत्म हो रही है।
तनाव
अमेरिका-ईरान में बढ़ता जा रहा तनाव
ईरान ने अमेरिका के 2 लड़ाकू विमान मार गिराए हैं। एक विमान के दूसरे पायलट को आज ही अमेरिका ने सुरक्षित बाहर निकाला है। ईरान का दावा है कि इस अभियान में 4 विमान और हेलीकॉप्टरों का नुकसान हुआ है। दूसरी ओर, तेहरान में लगातार अमेरिका-इजरायल के हमले जारी हैं। ईरान भी कतर और बहरीन समेत खाड़ी देशों को लगातार निशाना बना रहा है। युद्धविराम को लेकर संभावित वार्ता में भी खास प्रगति नहीं हुई है।