अमेरिका में निदाल हसन की फांसी के सीधे प्रसारण को लेकर ट्रंप असमंजस में, हो रहा विरोध
अमेरिका में फोर्ट हूड के शूटर निदाल मलिक हसन को दी जाने वाली फांसी के सीधे प्रसारण को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप असमंजस में दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह निदाल हसन को फांसी दिए जाने के पक्ष में हैं, लेकिन उन्हें सीधे प्रसारण करने को लेकर कोई खास यकीन नहीं है।
ट्रंप ने कहा, "मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उसे कैसे फांसी दी जाती है, बस उसे फांसी होनी चाहिए।"
बता दें कि 3 दिसंबर को होने वाली इस फांसी को टीवी पर दिखाने के विचार पर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों दलों के नेताओं ने आपत्ति जताई है।
पेंटागन के हसन को लाइवस्ट्रीम फांसी देने के प्लान की आलोचना
पेंटागन ने हसन को सीधे प्रसारण पर फांसी देने का जो प्रस्ताव रखा है, उस पर कांग्रेस के दोनों सदनों में तीखी आलोचना हो रही है।
सांसदों ने चेतावनी दी है कि यह तरीका चरमपंथियों के जैसा लगता है। मानवाधिकार संगठनों ने भी इस पर सवाल उठाए हैं, उनकी चिंता है कि फांसी को सार्वजनिक रूप से दिखाना गलत है।
संयुक्त राष्ट्र ने तो इसे यातना के नियमों का उल्लंघन तक कह दिया है। इस बीच, टिकटॉक ने अपने यूजर्स को याद दिलाया है कि उसके प्लेटफॉर्म पर हिंसक कंटेंट दिखाना मना है। हालांकि, उसने सीधे तौर पर इस मामले पर कोई राय नहीं दी है।
बता दें कि हसन को 2009 में सैन्य अड्डे पर गोलीबारी कर 13 की हत्या करने और 32 को घायल करने का दोषी है। उसे 3 दिसंबर को फोर्ट हूड में फांसी दी जाएगी।