ट्रंप बोले- ईरान पर बड़ा हमला फिलहाल टाला, समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन चुकी
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान और पश्चिम एशिया के अन्य देशों के आग्रह पर ईरान के खिलाफ प्रस्तावित बड़े हमलों को फिलहाल के लिए रद्द करने पर सहमति जताई है। उन्होंने ये भी दावा किया कि ईरान के साथ समझौते के मापदंडों पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल और पूर्ण रूप से खोलना और ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त करना शामिल होगा।
बयान
ट्रंप बोले- समझौते की रूपरेखा पर बनी सहमति
ट्रंप ने कहा, 'अमेरिका ईरान के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। हमारी सैन्य ताकत और क्षमता का स्तर ऐसा है जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद से कभी नहीं देखा गया। इसके बावजूद ईरान और मध्य-पूर्व के दूसरे देशों ने हमसे हमले को रोकने के लिए कहा है, क्योंकि एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। इसमें होर्मुज को तुरंत और पूरी तरह से खोलना और ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करना शामिल होगा।'
इजरायल
इस योजना में इजरायल भी साथ- ट्रंप
ट्रंप ने आगे कहा, 'इस अनुरोध को मानते हुए मैंने दुनिया के भविष्य के फायदे और एक सफल व समृद्ध ईरान के अस्तित्व के लिए हमले को रद्द करने का फैसला किया है, बशर्ते कि जल्द ही कोई समझौता हो सके। इजरायल भी इस प्रतिबद्धता में मेरे साथ है। सभी लोग काम पर लग जाएं और इसे पूरा करें। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद! राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप।'
चेतावनी
ट्रंप ने कहा था- ईरान पर जोरदार हमला करेंगे
ट्रंप ने कैंप डेविड में बोलते हुए ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई का संकेत दिया था। उन्होंने कहा, "हम उन पर कड़ा प्रहार करेंगे और आखिरकार एक दिन वे कहेंगे, 'हम इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकते'।"
इसके बाद अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमेरिका इसी हफ्ते ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है, जिनमें ईरान के ऊर्जा, तेल और बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया जा सकता है।
रिपोर्ट
सऊदी क्राउन प्रिंस ने ट्रंप से की बात
ईरान पर संभावित बड़े हमले की खबरों के बीच सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बात की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिका के बड़े हमले की योजना पर चिंता जताई है।
रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि क्राउन प्रिंस ने ट्रंप से हमलों को रोकने की भी अपील की। हालांकि, इस पर व्हाइट हाउस ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
अलर्ट
अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया
अमेरिकी विदेश विभाग ने मध्य पूर्व के 10 देशों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इनमें उनसे अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।
बहरीन, इजरायल, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए जारी किए गए अलर्ट में नागरिकों को क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बीच उड़ान रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और अन्य यात्रा बाधाओं के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।