ईरान पर बड़े हमले की तैयारी में अमेरिका, इजरायल भी हो सकता है शामिल- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अमेरिका इसी हफ्ते ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है। इसमें ईरान के ऊर्जा, तेल और बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया जा सकता है। एक्सियोस ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से ये दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हमले का उद्देश्य युद्धविराम की शर्तों को स्वीकार करने के लिए ईरान को मजबूर करना है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है।
रिपोर्ट
इजरायल भी हमलों में हो सकता है शामिल
रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान के ऊर्जा और बुनियादी ढांचा सुविधाओं को निशाना बनाकर ये हमला किया जा सकता है।
इस प्रस्तावित अभियान का उद्देश्य चल रही युद्धविराम वार्ता को लेकर ईरान पर दबाव बढ़ाना है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इजरायल भी इस अभियान में शामिल हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो कई हफ्तों बाद ईरान पर हमलों में इजरायल की ये पहली सीधी भागीदारी होगी।
समय
इसी हफ्ते हो सकता है हमला
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया कि ट्रंप ने तेहरान पर आत्मसमर्पण करने का दबाव बनाने के लिए एक नए सैन्य अभियान की तैयारी का आदेश दिया है। यह अभियान इसी सप्ताहांत में शुरू हो सकता है।
CBS न्यूज ने बताया कि अमेरिका और इजरायल तेल रिफाइनरियों और बिजली संयंत्रों सहित ऊर्जा से संबंधित ठिकानों पर संयुक्त हमलों के लिए समन्वय कर रहे थे। रिपोर्ट में कहा गया कि व्हाइट हाउस के कुछ सहायकों ने बैठक के दौरान आपत्ति भी जताई।
जानकारी
ट्रंप बोले- बहुत जोरदार हमला करेंगे
आज कैंप डेविड में बोलते हुए ट्रंप ने संभावित सैन्य कार्रवाई का संकेत दिया। उन्होंने कहा, "हम उन पर कड़ा प्रहार करेंगे और आखिरकार एक दिन वे कहेंगे, 'हम इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकते'।"
ईरान
ईरान ने अमेरिका-इजरायल को दी चेतावनी
संभावित हमलों की खबरों के बीच ईरान ने चेतावनी जारी की है।
तस्नीम न्यूज़ एजेंसी ने एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के हवाले से कहा कि तेहरान ने अमेरिका की किसी भी 'संभावित लापरवाही' का मुंहतोड़ जवाब देने की पूरी तैयारी कर ली है।
अधिकारी के मुताबिक, अगर हमला हुआ तो ईरान जवाबी कार्रवाई में इजरायल के अंदर अहम बुनियादी ढांचों और पूरे इलाके में अमेरिका के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाएगा।
अपडेट्स
पिछले कुछ घंटों के बड़े घटनाक्रम
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बात की है।
कुवैत ने कहा कि उसने ईरान की ओर से दागे गए ड्रोन को रोक दिया है।
ओमान के तट के पास एक तेल जहाज के करीब धमाका हुआ है। जहाज को नुकसान की खबर नहीं है।
यमन के हूती विद्रोहियों ने कहा कि उन्होंने सऊदी अरब के 8 तेल टैंकरों को रास्ता बदलने पर मजबूर किया है।