
डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी चार्ली किर्क के संदिग्ध हत्यारे ने दोस्तों के सामने कबूला था जुर्म
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की हत्या के बाद पकड़े गए संदिग्ध आरोपी संदिग्ध टायलर रॉबिन्सन (22) ने अपने दोस्तों के सामने हत्या की बात कबूली थी। वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से कुछ समय पहले एक ऑनलाइन चैट में अपने मित्रों के सामने अपना अपराध स्वीकार किया था। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डिस्कॉर्ड पर उसने कहा था कि किर्क की हत्या करने वाला वह ही है।
कबूलनामा
आरोपी ने दोस्तों को क्या भेजा था संदेश?
रॉबिन्सन ने पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से 2 घंटे पहले अपने दोस्तों को संदेश भेजा था। उसमें लिखा था, "दोस्तों, मेरे पास आप सबके लिए एक बुरी खबर है। कल यूटा वैली यूनिवर्सिटी (UVU) में मैं ही था। मुझे इस सब के लिए माफ़ करना।" ग्रुप चैट में शामिल एक व्यक्ति ने आरोपी रॉबिन्सन की चैट को वाशिंगटन पोस्ट को दिखाया है। हालांकि, उसने अपना नाम जाहिर करने से मना किया था। संदेश की जांच चल रही है।
घटना
डिस्कार्ड के ग्रुप पर चल रही थी किर्क की चर्चा
डिस्कॉर्ड के चैट ग्रुप पर 30 लोगों का समूह था, जिसमें आरोपी रॉबिन्सन भी जुड़ा था। इस पर घटना के दिन से चार्ली किर्क की चर्चा हो रही थी। चैट ग्रुप में लोग घटना पर आश्चर्य जता रहे थे। हालांकि, तब रॉबिन्सन की ओर से कोई संदेश नहीं आया था, लेकिन उसके बाद आरोपी का आत्मसमर्पण का संदेश आया। उसी दिन एक अलग डिस्कॉर्ड चैट ग्रुप में रॉबिन्सन ने संदिग्ध का स्कैच जारी होने पर मजाक बनाया था।
घटना
किर्क की यूटा विश्वविद्यालय में हुई थी हत्या
कट्टर दक्षिणपंथी विचारधारा के समर्थक, लेखक और पॉडकॉस्टर किर्क ट्रंप के करीबी सहयोगी थे और राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने युवाओं को ट्रंप के समर्थन में जोड़ने का अभियान चलाया था। पिछले सप्ताह 11 सितंबर को किर्क को यूटा विश्वविद्यालय में एक सभा के दौरान काफी दूरी से गोली मारी गई थी। उनकी मौके पर मौत हो गई थी। घटना के बाद 33 घंटे की तलाशी के बाद आरोपी रॉबिन्सन को गिरफ्तार किया गया था।