LOADING...
ट्रंप-पुतिन के बीच फोन पर हुई बातचीत, रूसी राष्ट्रपति ने दी 'बेहद नुकसानदायक नतीजों' की चेतावनी
व्लादिमीर पुतिन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर करीब 90 मिनट चर्चा हुई है (फाइल तस्वीर)

ट्रंप-पुतिन के बीच फोन पर हुई बातचीत, रूसी राष्ट्रपति ने दी 'बेहद नुकसानदायक नतीजों' की चेतावनी

लेखन आबिद खान
Apr 30, 2026
10:58 am

क्या है खबर?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच करीब 90 मिनट से ज्यादा देर तक बातचीत हुई, जिसमें पश्चिम एशिया युद्ध और यूक्रेन को लेकर चर्चा की गई। ट्रंप ने भी एक बयान में कहा कि उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ यूक्रेन और ईरान युद्ध को लेकर चर्चा हुई है।

चर्चा

उशाकोव ने कहा- काफी खुली और काम की चर्चा हुई

उशाकोव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बातचीत 'काफी खुली और काम की' रही। उन्होंने बताया कि दोनों राष्ट्रपतियों ने ईरान और फारस की खाड़ी से जुड़ी स्थिति पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा, "व्लादिमीर पुतिन ईरान के साथ संघर्ष विराम को बढ़ाने के डोनाल्ड ट्रंप के फैसले को सही मानते हैं, क्योंकि इससे बातचीत को एक मौका मिलेगा और कुल मिलाकर स्थिति को स्थिर करने में मदद मिलेगी।"

चेतावनी

पुतिन ने ट्रंप को दी नुकसानदेह परिणामों की चेतावनी

उशाकोव ने कहा कि पुतिन ने उन अनिवार्य और बेहद नुकसानदेह परिणामों पर भी जोर दिया, जो न केवल ईरान और उसके पड़ोसियों के लिए, बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए भी होंगे, अगर अमेरिका और इजरायल एक बार फिर सैन्य कार्रवाई का सहारा लेते हैं।" उन्होंने कहा कि रूस पश्चिम एशिया युद्ध पर राजनयिक प्रयासों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और बताया कि यह बातचीत मॉस्को की पहल पर हुई थी।

Advertisement

यूक्रेन

यूक्रेन युद्ध को लेकर क्या चर्चा हुई?

उशाकोव ने कहा, "ट्रंप के अनुरोध पर पुतिन ने संपर्क रेखा के साथ मौजूदा स्थिति का वर्णन किया, जहां हमारे सैनिक रणनीतिक बढ़त बनाए हुए हैं और दुश्मन के ठिकानों को पीछे धकेल रहे हैं। दोनों ने वोलोडिमीर जेलेंस्की के नेतृत्व वाले शासन के रवैये के बारे में काफी हद तक एक जैसी राय व्यक्त की; यह शासन, यूरोपीय देशों की शह और समर्थन से, संघर्ष को लंबा खींचने की नीति पर चल रहा है।"

Advertisement

ट्रंप का बयान

ट्रंप बोले- पुतिन ईरान युद्ध खत्म करने के प्रयासों में मदद करना चाहते हैं

ट्रंप ने कहा, "हमने यूक्रेन के बारे में ज्यादा बात की, लेकिन वह मदद करना चाहते हैं। मैंने कहा कि मेरी मदद करने से पहले मैं आपकी जंग खत्म करना चाहता हूं। उन्होंने मुझसे कहा कि अगर वह हमें समझौता हासिल करने में मदद करते हैं, तो वह एनरिचमेंट में शामिल होना चाहेंगे। हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने दे सकते। हमने इसके बारे में भी थोड़ी बात की। पुतिन नहीं चाहते कि उनके पास परमाणु हथियार हो।'

Advertisement