ट्रंप प्रशासन पर मतदाता फॉर्म में छेड़छाड़ का आरोप; मामला दर्ज, हजारों मतदाता वोट देने से हो सकते हैं वंचित
अमेरिका में डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी (DNC) ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन पर मतदाताओं के फॉर्म में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया है।
कमेटी का कहना है कि रक्षा विभाग ने विदेश में रहने वाले मतदाताओं के विदेशी मतदाता पंजीकरण फॉर्म में गलत तरीके से बदलाव किए गए हैं।
खबरों के मुताबिक, एक अहम चेकबॉक्स हटा दिया गया है। इस चेकबॉक्स का इस्तेमाल उन अमेरिकी नागरिकों द्वारा होता था जो कभी अमेरिका में नहीं रहे, लेकिन उनके राज्य से संबंध हैं।
इस बदलाव से मध्यावधि चुनाव से ठीक पहले हजारों लोग वोट देने से वंचित हो सकते हैं।
वोट डालने पर लगी पाबंदियां आई सामने
यह सिर्फ कोई एक अकेला मामला नहीं है। DNCका यह केस विदेशों में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों के वोटिंग अधिकारों को लेकर चल रही बड़ी बहस को सामने लाता है। खासकर तब, जब नॉर्थ कैरोलिना और मिशिगन जैसे राज्यों में नई पाबंदियां लगाई जा रही हैं।
रक्षा विभाग ने अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। लेकिन, आने वाले चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में यह देखना होगा कि यह मुद्दा कैसे सुलझता है।
इसका असर दुनिया भर में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के वोट डालने के तरीके पर पड़ सकता है।