Loading...
न्यूजीलैंड बनाम भारत: दूसरे टेस्ट मुकाबले का प्रीव्यू और जरुरी आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच
सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

न्यूजीलैंड बनाम भारत: दूसरे टेस्ट मुकाबले का प्रीव्यू और जरुरी आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच

Nov 26, 2026
11:05 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 27 नवंबर (शुक्रवार) से खेला जाएगा। क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल मैदान पर होने वाले इस मुकाबले में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की नजरें इतिहास बदलने पर होंगी। भारत ने 2009 के बाद से न्यूजीलैंड की धरती पर कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है। सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था। आइए, मैच से जुड़ी अहम जानकारियों पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

न्यूजीलैंड में भारत का प्रदर्शन नहीं रहा है कुछ खास 

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में भारत का पलड़ा भारी रहा है।

दोनों टीमें कुल 66 मैचों में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 22 में भारत ने जीत दर्ज की है और 16 मैच न्यूजीलैंड ने अपने नाम किए हैं। इनके अलावा 28 टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके घर पर खेलते हुए भारत ने 5 टेस्ट में जीत दर्ज की है और 10 में हार झेली है। इस बीच 11 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।

भारत

ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन

दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम अपने प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव कर सकती है। पहले मुकाबले में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे प्रसिद्ध कृष्णा की जगह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है।

वहीं, केएल राहुल और ऋषभ पंत से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

संभावित एकादश: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

ADVERTISEMENT

न्यूजीलैंड

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है न्यूजीलैंड की टीम

न्यूजीलैंड की टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी।

तेज गेंदबाज काइल जैमीसन का क्राइस्टचर्च के मैदान पर शानदार रिकॉर्ड रहा है। ऐसे में वह एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

वहीं, हेनरी निकोल्स और डेरिल मिचेल से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

संभावित एकादश: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जैकब डफी।

ADVERTISEMENT

पिच रिपोर्ट

कैसी रहती है हेग्ले ओवल की पिच?

हेग्ले ओवल की पिच में पारंपरिक रूप से पहले दिन के दौरान तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है और मैच के आगे बढ़ने के साथ में बल्लेबाज इसका फायदा उठा सकते हैं।

यहां स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलने का रिकॉर्ड नहीं है।

ऐसे में गेंदबाजों को विकेट के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ सकती है और मैच का परिणाम आखिरी दिन में देखने को मिल सकता है।

हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 271 रन है।

जानकारी

कैसा रहेगा क्राइस्टचर्च का मौसम? 

क्राइस्टचर्च में टेस्ट के पांचों दिन बारिश की ज्यादा संभावना नहीं है। एक्यूवेदर के मुताबिक, इन 5 दिनों में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान की बात करें तो उसके 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।

प्रदर्शन

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर 

न्यूजीलैंड के लिए कॉनवे ने पिछले 10 मैचों में 58.47 की औसत से 994 रन बनाए हैं। वहीं, रचिन के नाम 66.15 की औसत से 860 रन दर्ज हैं।

भारत के लिए राहुल ने पिछले 10 मैचों में 52.8 की औसत से 792 रन बनाए हैं, जबकि यशस्वी ने पिछले 10 मैच में 41.63 की औसत से 666 रन जोड़े हैं।

न्यूजीलैंड के हेनरी ने पिछले 6 मैच में 33 और सिराज ने 9 मैच में 31 विकेट लिए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला? 

भारत-न्यूजीलैंड के बीच यह मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल स्टेडियम में शुरू होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे से देखा जा सकेगा। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर होगी। सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

ADVERTISEMENT