लीयरजेट हादसे में अंतिम पल: लोगों की चीख और ईश्वर की प्रार्थना से गूंजा था विमान
लीयरजेट 60 विमान फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में रविवार दोपहर को ऑस्टिन से बहामास जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे से कुछ ही मिनट पहले 20 साल की को-पायलट नथालिया गादेलहा फिल्गुइरास ने अपने पायलट बॉयफ्रेंड को मैसेज किया था। उन्होंने लिखा था, "मुझे टर्ब्युलेंस महसूस हो रहा है, मुझे बर्फ दिख रही है।" नथालिया के सौतेले पिता ने इस बात की जानकारी दी।
ऑडियो में रिकॉर्ड हुईं चीखें
फिल्गुइरास ने अपने बॉयफ्रेंड को करीब 12:40 बजे मैसेज किया था और इसके महज 10 मिनट बाद यानी 12:50 बजे विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। उन आखिरी पलों में ऑडियो में फिल्गुइरास की चीखें और एक आदमी को 'लॉर्ड्स प्रेयर' पढ़ते हुए रिकॉर्ड किया गया। नथालिया के पास करीब 1,300 फ्लाइट घंटे का अनुभव था। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस मिलने से भी पहले अपना पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था, लेकिन फिर भी वह इस बड़े हादसे को टाल नहीं पाईं। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि इसका मलबा करीब 800 मीटर तक के इलाके में फैल गया। इसके चलते आस-पास के लोगों को वहां से निकालना पड़ा।