लंदन के रोमफोर्ड में सोमवार रात को बांग्लादेश की अवामी लीग और नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के समर्थकों के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई।
यह झड़प उस समय हुई, जब NCP प्रमुख नाहिद इस्लाम लंदन पहुंचे और उनके लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। तभी मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि इस झड़प में अंडे और बोतलें फेंकी गईं, जिससे माहौल एक सड़क पर होने वाली लड़ाई जैसा बन गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर किसी तरह स्थिति को संभाला और भीड़ को तितर-बितर किया।
नाहिद इस्लाम ने ब्रिटेन से जांच की मांग की
नाहिद इस्लाम तो किसी तरह पिछले दरवाजे से निकलने में कामयाब रहे, लेकिन इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
इस्लाम ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि अवामी लीग से जुड़े लोग विदेशों में रहने वाले बांग्लादेशियों और छात्रों को लगातार निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने ब्रिटेन से इस पूरे मामले की जांच कराने की भी मांग की है।
बता दें कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दिसंबर में ढाका लौटने वाली है, जिसको लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। नाहिद इस्लाम ने जुलाई में छात्र आंदोलन का नेतृत्व किया था।