चीन ने भारत से आने वाली उड़ानों पर लगाई रोक, महामारी के चलते लिया फैसला
क्या है खबर?
चीन ने गुरुवार से भारत से आने वाली सभी हवाई उड़ानों पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है। कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
इस आदेश के बाद किसी दूसरे देश के यात्री चीन नहीं जा पाएंगे।
हालांकि, भारत और चीन के बीच अभी तक वाणिज्यिक सेेवा शुरू नहीं हुई है, लेकिन एयर इंडिया चीन के अलग-अलग शहरों से भारतीयों को लाने के लिए 'वंदे भारत मिशन' के तहत उड़ानें संचालित कर रही थी।
प्रतिबंध
28 सितंबर को दी गई छूट वापस ली गई
चीन ने भारत के साथ-साथ ब्रिटेन, बेल्जियम और फिलीपींस से आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए अपनी सीमा बंद की है।
साथ ही जर्मनी, फ्रांस और अमेरिका से आने वाले यात्रियों को स्वास्थ्य जांच के नतीजे पेश करने को कहा गया है।
इससे पहले 28 सितंबर को चीन ने नियमों में राहत देते हुए अपनी सीमाएं खोल दी थी और वैध रिहायशी परमिट वाले लोगों को देश में आने की छूट दी थी। अब छूट वापस ले ली गई है।
असर
इस रोक का असर क्या होगा?
13 नवंबर से हर हफ्ते वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया की चीन की चार उड़ानें तय थीं। इस आदेश के बाद उन्हें रिशेड्यूल करना होगा।
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, बीजिंग में स्थित भारतीय अधिकारियों ने बताया कि 1,500 भारतीय नागरिकों ने चीन लौटने के लिए खुद को रजिस्टर किया था, लेकिन इस पाबंदी के बाद उनकी वापसी पर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं।
चीनी अधिकारियों ने महामारी से बचाव के लिए इस कदम को वाजिब बताया है।
बयान
भारत के लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक- चीनी विदेश मंत्रालय
भारत को लेकर किए गए ऐलान में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा कि न तो नई दिल्ली में चीनी दूतावास और न ही मुंबई और कोलकाता में वाणिज्य दूतावास में सामान्य पासपोर्ट धारकों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्रों पर मुहर लगाई जाएगी।
बयान में आगे कहा गया है कि चीन ने वैध चीनी वीजा और रेसिडेंस परमिट वाले भारत के लोगों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
मामला
भारत से गई उड़ान में कोरोना संक्रमित पाए गए थे 23 यात्री
दरअसल, बीते शुक्रवार को नई दिल्ली से चीन के वुहान गई एक उड़ान में 23 यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
इनमें से 19 में महामारी के कोई लक्षण नहीं थे। भारत से चीन जाने वाली किसी उड़ान में संक्रमितों की यह बड़ी संख्या थी।
इसके बाद एयर इंडिया के अधिकारी ने बताया था कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए सभी यात्री कोरोना वायरस की निगेटिव रिपोर्ट लेकर विमान में सवार हुए थे।
कोरोना वायरस
भारत और चीन में महामारी की क्या स्थिति?
भारत कोरोना वायरस से दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश बना हुआ है। यहां अब तक कोरोना वायरस के 83.64 लाख मामले सामने आ चुके हैं और 1.24 लाख लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
अब तक 77.12 लाख लोग महामारी से ठीक हो चुके हैं।
वहीं चीन ने महामारी पर काबू पा लिया है। यहां अभी तक 91,516 मामले सामने आए हैं और 4,740 लोगों की मौत हुई है।