क्या पाकिस्तान से ईरान पर हमले की योजना बना रहा अमेरिका? रूस-चीन के मालवाहक विमान पहुंचे
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच खबर आई है कि रूस, चीन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के सैन्य मालवाहक जहाज पाकिस्तान में उतरे हैं। यह घटनाक्रम तब हुआ, जब चीन ने रूस को ईरान पर नए हमलों की संभावना जताते हुए खुफिया जानकारी भेजी है। बताया जा रहा है कि अमेरिका ईरान पर हमलों के लिए पाकिस्तान के नूर खान सैन्य अड्डे का उपयोग कर सकता है, जिससे इस्लामाबाद की रणनीतिक भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
विमान
कौन से विमान पहुंचे पाकिस्तान?
न्यूज18 के मुताबिक, रूसी IL-76MD, AN-124 मालवाहक विमान और UAE का IL-76 पाकिस्तान पहुंचा है। संभावना है कि ये विमान पाकिस्तान में सैन्य कार्गो ले जाने में शामिल हैं।
इलाके में सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ने पर एक रूसी मिलिट्री कार्गो एयरक्राफ्ट ने बिश्केक से कराची के लिए उड़ान भरी थी।
इसके अलावा, चटगांव से एक AN-124 कार्गो एयरक्राफ्ट कराची पहुंचा है। इन खबरों ने इस इलाके में संभावित खुफिया गतिविधि की ओर भी ध्यान खींचा है।
आकलन
चीन ने भेजी खुफिया जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की खुफिया एजेंसी ने मॉस्को को ईरान पर अमेरिकी हमले के बारे में चेतावनी दी है और नूर खान एयर बेस से ईरान पर अमेरिकी हमले की संभावना को लेकर अलर्ट किया है।
इसके अलावा, इजरायल और भारत भी ईरान पर संभावित हमले के बारे में रूस के साथ साझा की गई चीनी खुफिया चेतावनी का आकलन कर रहे हैं।
मामले में अब क्षेत्रीय खुफिया मॉनिटरिंग और सैन्य रसद में पाकिस्तान की भूमिका पर नजर है।