चीन में लालची पोती को दादा-दादी ने ही भेजा जेल, 6 लाख की चोरी को दिया था अंजाम
चीन की एक महिला चेन को अपने दादा-दादी से नकदी और गहने चुराने के मामले में 6 महीने की जेल हुई है। उस पर 2,000 युआन (लगभग 28,000 रुपये) का जुर्माना भी लगाया गया है। चेन ने दादा-दादी के घर से करीब 2.80 लाख रुपये नकद और लगभग 3.80 लाख रुपये का एक सोने का कंगन चुराया था। चेन के दादा-दादी ने ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, क्योंकि यह पहली बार नहीं था जब उसने उनके घर से चोरी की थी। बार-बार की चोरी से परेशान होकर उन्होंने कानूनी कार्रवाई करना ही उचित समझा।
चेन ने मांगी माफी, दादा-दादी ने शिकायत पर जोर दिया
चेन ने अदालत में अपना बचाव करते हुए कहा था कि "यह मेरे दादा-दादी का ही पैसा है जो मैंने लिया। वे मुझे माफ कर देंगे और मुझे दोषी नहीं मानेंगे। यह हमारे परिवार का निजी मामला है।" उसने माफी की उम्मीद जताई थी, लेकिन उसके दादा-दादी ने बताया कि चेन पहले भी उनसे चोरी कर चुकी है और बार-बार नरमी बरतने से कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने अदालत को यह भी बताया कि चेन काम करना नहीं चाहती है और वे चाहते हैं कि अदालत की मदद से उसे अपने किए की सजा और उसके नतीजे समझ आएं।