भारतीय टीम एक दिन में 2 जगहों पर खेलेगी मैच, वेस्टइंडीज के खिलाफ नहीं खेलेंगे श्रेयस?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के इतिहास में अक्टूबर महीना बेहद अनोखा और ऐतिहासिक दृश्य लेकर आने वाला है। ऐसा पहली बार होगा, जब एक ही दिन दो अलग-अलग भारतीय टीमें 2 अलग-अलग देशों में मैदान पर उतरेंगी। एक तरफ जहां भारतीय वनडे टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला खेलेगी, वहीं दूसरी तरफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टी-20 टीम एशियाई खेल 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
मुकाबले
एक दिन में खेले जाएंगे 2 मुकाबले
कार्यक्रम के अनुसार, एशियाई खेलों में भारतीय टीम 28 सितंबर को सीधे क्वाटर-फाइनल मुकाबला खेलेगी।
उसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर और मेडल राउंड (फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मैच) 3 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
दिलचस्प बात यह है कि ठीक इसी दिन यानी 3 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा वनडे मैच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
भारतीय टीम के एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंचने पर एक दिन में 2 मैच होंगे।
परेशानी
वेस्टइंडीज के खिलाफ नहीं खेलेंगे श्रेयस
एशियाई खेलों में क्रिकेट मुकाबले टी-20 प्रारूप में खेले जाएंगे। ऐसे में भारतीय टीम 22 सितंबर को श्रेयस की कप्तानी में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
श्रेयस वर्तमान में भारत की वनडे टीम के उपकप्तान भी हैं। ऐसे में एशियाई खेलों की जिम्मेदारियों के चलते वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
इसी के चलते उनका वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 अक्टूबर को वनडे मुकाबला खेलना मुमकिन नहीं होगा।
उम्मीद
BCCI अध्यक्ष को स्वर्ण पदक की पूरी उम्मीद
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने एशियाई खेलों में जाने वाले पूरे भारतीय दल और विशेष रूप से क्रिकेट टीमों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
मन्हास ने कहा, "मैं सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि सभी खेलों के पूरे दल को शुभकामनाएं देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि खिलाड़ी अपनी कड़ी मेहनत और उत्साह के दम पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतेंगे।"