पाकिस्तान में 3 साल की बच्ची की 60 वर्षीय बुजुर्ग से शादी, पिता गिरफ्तार
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में स्थित चमन जिले में 3 साल की एक बच्ची की शादी 60 साल के एक व्यक्ति से कराने का मामला सामने आया है, जिससे हड़कंप मच गया है।
वलवर प्रथा के तहत इस शादी के लिए 25 लाख पाकिस्तानी रुपये दिए जाने थे। सोशल मीडिया पर तस्वीरें और पोस्ट वायरल होने के बाद जब यह खबर लोगों तक पहुंची, तो शादी की पूरी योजना रुक गई।
पुलिस ने बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि दूल्हा अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। राहत की बात है कि पुलिस वक्त रहते मौके पर पहुंच गई क्योंकि शादी का पूरा भुगतान नहीं हुआ था, जिससे बाल विवाह संपन्न नहीं हो पाया।
बच्ची और उसकी मां पुलिस की सुरक्षा में
पुलिस ने बताया कि छोटी बच्ची और उसकी मां पुलिस की सुरक्षा में हैं। इस मामले का एक और बेहद दुखद पहलू भी सामने आया है, जिसमें पता चला है कि बच्ची की 13 साल की बहन की भी हाल ही में हत्या हुई थी।
उसकी बहन के पति ने एक हिंसक झगड़े के बाद इस जुर्म को कथित तौर पर कबूल कर लिया है।
बता दें कि बलूचिस्तान सरकार ने बाल विवाह रोकने के लिए नया कानून बनाया है, जो ऐसी शादियों को गैरकानूनी मानता है और सख्त सजा का प्रावधान करता है।
हालांकि, चमन की घटना ने साबित किया है कि पुराने रीति-रिवाज अभी भी समाज में गहराई तक जमे हुए हैं।