50 से कम उम्र में कैंसर का बढ़ता कहर: युवा पीढ़ी को क्यों घेर रही ये बीमारी?
एक नए अध्ययन में सामने आया है कि इंग्लैंड, अमेरिका और नीदरलैंड में 50 साल से कम उम्र के लोगों में कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इंग्लैंड में युवा पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर के मामले 2001 से 2023 के बीच लगभग चार गुना बढ़ गए हैं। इसी दौरान आंतों (कोलन), किडनी और गर्भाशय के कैंसर के मामलों में भी दोगुने से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई है। मिसाल के तौर पर युवा पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर के मामलों को देखें तो 2001 में यह हर एक लाख लोगों में एक था, जो 2023 तक बढ़कर 3.6 हो गया।
शोधकर्ता गहराई से कर रहे जांच
आंतों के कैंसर के मामले भी दोगुने से अधिक बढ़कर हर एक लाख लोगों में 3.9 से 8.4 तक पहुंच गए हैं। वहीं, अमेरिका में 2000 के बाद से किडनी कैंसर के मामलों में भी तेजी से उछाल देखा गया है। हालांकि कुल मिलाकर फेफड़ों के कैंसर के मामले कम हुए हैं, लेकिन शोधकर्ता कम उम्र में हो रहे इन कैंसर को लेकर चिंतित हैं। वे इसके पीछे खान-पान और मोटापे के बीच के संबंधों की गहराई से जांच कर रहे हैं।